दादी के साथ पहली बार पटौदी हाउस पहुंचे तैमूर, एक झलक पाने के लिए लगी भीड़
Tuesday, Sep 05, 2017-01:25 PM (IST)

मुंबई: पटौदी खानदान के सबसे छोटे नवाब तैमूर अली खान की दादी उन्हें लेकर पटौदी हाउस (हरियाणा) पहुंच गईं। बता दें कि तैमूर पहली बार अपने पैतृक निवास पहुंचे।
जन्म के करीब साढ़े आठ माह बाद पहली बार पटौदी पैलेस पहुंचे तैमूर अली खान का महल के कर्मचारियों ने स्वागत किया। तैमूर के साथ उसकी एक आया भी आई थी। दादी पोते को गोद में लेकर महल में चल रहे मरम्मत कार्य का निरीक्षण करती नजर आईं।
जानकारी मिली है कि करीना कपूर शूटिंग के सिलसिले में दिल्ली आई हुई हैं। शर्मिला टैगोर को पटौदी में महल के रेनोवेशन के कार्य का निरीक्षण करने आना था। ऐसे में वे अपने साथ तैमूर को भी ले आईं।
तैमूर और शर्मिला करीब 12 बजे पटौदी हाउस पहुंचे। नन्हें तैमूर तकरीबन साढ़े तीन घंटे तक इब्राहिम पैलेस में रुके। लोगों में तैमूर के आने की खुशी इस कदर थी कि वो इब्राहिम पैलेस के बाहर जमावड़ा लगाने लगे पर उन्हें निराश होना पड़ा क्योंकि किसी को भी इब्राहिम पैलेस के अंदर नहीं आने दिया गया।
शूटिंग के दौरान करीना तैमूर को काफी मिस कर रही हैं और हाल ही में फिल्म 'वीरे दि वेडिंग' नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में दिख रहा है कि करीना कह रही हैं, तैमूर कहां है। सब यही जानना चाहते हैं। इस पर उनकी साथ मौजूद रिया कपूर कहती हैं कि वह हमारी सबसे बड़ी पूंजी है।