शादी के 10 महीनों में ही दहेज की बलि चढ़ी महिला, राजकुमार राव का टूटा दिल, कहा- अब समय आ गया है..
Wednesday, Oct 29, 2025-09:57 AM (IST)
मुंबई. छत्तीसगढ़ से हाल ही में एक बेहद ही दिल दहला देने वाली खबर सामने आई, जहां दहेज की मांग से तंग आकर एक लड़की ने शादी के 10 महीने बाद ही आत्महत्या कर ली। जैसे ही यह खबर बॉलीवुड एक्टर राजकुमार तक पहुंची तो उनका दिल टूट गया। उन्होंंने सोशल मीडिया पर दहेज की बलि चढ़ी लड़की का वीडियो शेयर कर दहेज प्रथा पर सवाल उठाए हैं।
दरअसल, छत्तीसगढ़ के रायपुर की मनीषा गोस्वामी नाम की महिला जो शादी के बाद दहेज की मांग से तंग आ चुकी थी। उसने आत्महत्या से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपने पति आशुतोष गोस्वामी, उसके भाई और ससुराल वालों पर शादी के बाद से लगातार शारीरिक और मानसिक शोषण करने का आरोप लगाया।

जैसे ही राजकुमार राव ने यह वीडियो देखा तो उन्होंने इसे अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर री-शेयर किया। इसके साथ उन्होंने लिखा, 'यह बहुत ही दिल दहला देने वाली खबर है। अब समय आ गया है कि हम अपने देश में इस भयावह दहेज प्रथा को खत्म करें।

एक्टर का ये पोस्ट सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और सेलेब्स व फैंस उनकी बात से पूरी तरह सहमति जताते नजर आ रहे हैं।
बता दें, दहेज की बलि चढ़ी मनीषा ने अपने वीडियो में कहा, 'मैं अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ी हूं और मेरे पिता अकेले कमाने वाले हैं। मैं अपने ससुराल वालों के लगातार उत्पीड़न से थक चुकी हूं। उसे लगता है कि उसके पास कोई विकल्प नहीं बचा और वह जिंदगी से थक चुकी है, उसने दावा किया कि उसके पति ने बिना किसी कारण दो बार उसके साथ मारपीट की थी और उसकी सास ने उसका साथ दिया था। मनीषा ने दहेज से जुड़ी प्रताड़ना पर कहा कि उसने अपनी 10 महीने की शादी में 10 दिन भी खुशी का अनुभव नहीं किया।
इस घटना के बाद मनीषा के पिता डीडी नगर पुलिस स्टेशन पहुंचे और न्याय की मांग की। अधिकारियों ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरी तरह जांच शुरू कर दी है।
