पापा सुनील के निधन से सदमे में एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा, बोले- ''आपके जाने से खालीपन आ गया है..
Wednesday, Feb 18, 2026-12:26 PM (IST)
मुंबई. बॉलीवुड एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 14 फरवरी को पिता सुनील मल्होत्रा के निधन से एक्टर बिल्कुल टूट गए हैं। बताया गया कि सिद्धार्थ के पिता काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे और 14 फरवरी को इस दुनिया को अलविदा कह गए।

पिता के निधन से टूटे सिद्धार्थ मल्होत्रा ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर उनके साथ कई तस्वीरें शेयर कीं और कैप्शन में लिखा, 'वो असाधारण सच्चाई, सत्यनिष्ठा और कल्चर वाले व्यक्ति थे। वो कभी भी अपनी वैल्यूज के आगे झुके नहीं। उन्होंने बिना कठोरता के डिसिप्लिन में रहना सिखाया। बिना घमंड के ताकत में रहना। यहां तक कि जिंदगी ने उनकी कई बार परीक्षा ली लेकिन वो हमेशा पॉजिटिव रहे'।
''
एक्टर ने आगे लिखा, 'मर्चेंट नेवी के कप्तान के रूप में समुद्र की कमान संभालने से लेकर शांत साहस के साथ बीमारी का सामना करने तक, उन्होंने कभी समझौता नहीं किया, कभी अपनी गरिमा नहीं खोई। स्ट्रोक के कारण व्हीलचेयर पर आने के बावजूद भी उनका हौसला बुलंद रहा। पापा, आपकी इंटिग्रिटी मेरी विरासत है। आपकी शक्ति मुझे हर दिन मार्गदर्शन देती है। आपकी सकारात्मकता आज भी हमारे परिवार को जोड़े रखती है।
इतना ही नहीं, सिद्धार्थ ने और लिखा, 'आप शांतिपूर्वक अपनी नींद में हमें छोड़कर चले गए, लेकिन आपके जाने से जो खालीपन आया है वो असीम है। मैं जो कुछ भी हूं, आपकी वजह से हूं और मैं आपका नाम, आपके वैल्यूज और आपकी रोशनी हमेशा आगे ले जाऊंगा। लव यू पापा।'
बता दें कि सिद्धार्थ के पिता का निधन 14 फरवरी को गया था, लेकिन परिवार ने किसी को खबर नहीं होने दी थी। वहीं, अब सिद्धार्थ के पोस्ट से उनके फैंस को इस बात की जानकारी हुई है और वे सोशल मीडिया पर एक्टर को हौंसला दे रहे हैं।
दिल्ली में हुआ अंतिम संस्कार
सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी फिलहाल अपने परिवार के साथ दिल्ली में हैं और वहीं, उनके पिता का शांतिपूर्वक अंतिम संस्कार किया गया।
