रणवीर सिंह के बाद सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा को मिली धमकी, मामले की जांच में जुटी पुलिस

Thursday, Feb 12, 2026-11:14 AM (IST)

एंटरटेनमेंट डेस्क. बॉलीवुड इंडस्ट्री से इन दिनों एक के बाद सेलेब्स को धमकी मिलने और हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं।फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना के बाद एक्टर रणवीर सिंह को व्हाट्सऐप के जरिए धमकी मिलने की खबर आई थी। वहीं, अब सलमान खान के जीजा व एक्टर आयुष शर्मा को कथित तौर पर एक धमकी भरा ईमेल मिलने का मामला सामने आया है। 

 

आयुष शर्मा को मिला धमकी भरा ईमेल

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आयुष शर्मा को भेजे गए ईमेल में प्रेषक ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया है। हालांकि इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और ईमेल की पूरी सामग्री भी सार्वजनिक नहीं की गई है।

 

बताया जा रहा है कि आयुष शर्मा की ओर से फिलहाल कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। बावजूद इसके, मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ईमेल वास्तव में किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा है या फिर यह किसी शरारती तत्व की साजिश हो सकती है। साइबर टीम ईमेल की तकनीकी जांच कर स्रोत और आईपी एड्रेस का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

रणवीर सिंह को भी मिली थी धमकी

आयुष को मिली धमकी का मामला एक्टर रणवीर सिंह को मिली धमकी के तुरंत बाद सामने आया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रणवीर सिंह के असिस्टेंट को एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सऐप वॉइस नोट प्राप्त हुआ था। उस वॉइस नोट में कथित तौर पर बड़ी रकम की मांग की गई थी। 

  
इंडस्ट्री में बढ़ी चिंता

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने फिल्म इंडस्ट्री में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। कई कलाकारों और प्रोडक्शन हाउस ने निजी सुरक्षा बढ़ाने और पुलिस से संपर्क में रहने का निर्णय लिया है। प्रशासन भी हाई-प्रोफाइल व्यक्तियों की सुरक्षा की समीक्षा कर रहा है।

आयुष शर्मा का करियर

बता दें, आयुष शर्मा ने वर्ष 2018 में फिल्म ‘लवयात्री’ के साथ बॉलीवुड में कदम रखा था। इस रोमांटिक फिल्म में उनके साथ वरीना हुसैन नजर आई थीं। इसके बाद उन्होंने कुछ अन्य परियोजनाओं में काम किया। 2024 में रिलीज हुई एक्शन-थ्रिलर ‘रुस्लान’ में उन्हें प्रमुख भूमिका में देखा गया था। 


Content Writer

suman prajapati

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News