पत्नी शेफाली के निधन के बाद पराग त्यागी ने काम पर की वापसी, प्रोमो वीडियो देख फैंस बोले-ऐसे ही एक्टिंग करते रहो..
Monday, Feb 02, 2026-01:31 PM (IST)
मुंबई. एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला के निधन को करीब आठ महीने बीत चुके हैं। जून 2025 में उनके अचानक चले जाने से परिवार, दोस्त और फैंस गहरे सदमे में थे। इस कठिन दौर में उनके पति पराग त्यागी पूरी तरह टूट गए थे। हालांकि, धीरे-धीरे उन्होंने खुद को संभाला और काम पर लौटे। पत्नी के निधन के बाद पराग ने पहली बार अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट का प्रोमो वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है, जिसे देख उनके फैंस मायूस हो गए हैं और पराग की हिम्मत को सलाम कर रहे हैं।

पराग त्यागी ने अपने इंस्टाग्राम पर शो का वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने अपने नए शो का नाम ‘चंदनबाला’ बताया है। हालांकि, शो की रिलीज डेट या टेलीकास्ट से जुड़ी कोई जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। प्रोमो में पराग एक दमदार और गंभीर किरदार में नजर आ रहे हैं, जिसे देखकर फैंस काफी उत्साहित हैं।
फैंस और सेलेब्स ने जताया सपोर्ट
पराग के इस पोस्ट पर टीवी और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। एक्ट्रेस आरती सिंह ने कमेंट करते हुए लिखा, “ऑल द बेस्ट भइया।” वहीं, जसवीर कौर ने उनके काम की तारीफ करते हुए कहा, “शानदार।”

फैंस ने भी पराग के हौसले की सराहना की। किसी ने लिखा, “फुल सपोर्ट सर,” तो किसी ने कहा,'आप ऐसे ही एक्टिंग करते रहो, शेफाली की आत्मा को शांति मिलेगी।' कई यूजर्स ने शो की रिलीज डेट पूछते हुए उत्सुकता भी जताई।
पराग त्यागी का करियर
पराग त्यागी ने टीवी की दुनिया में ‘पवित्र रिश्ता’ से पहचान बनाई थी। इसके बाद वह ‘जोधा अकबर’, ‘ब्रह्मराक्षस’ और ‘शक्ति – अस्तित्व के एहसास की’ जैसे लोकप्रिय शोज़ में नजर आए। फिल्मों की बात करें तो उन्होंने थ्रिलर फिल्म ‘ए वेडनेसडे’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। बाद में वह ‘सरकार 3’ और तेलुगू फिल्म ‘अग्न्याथवासी’ में भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे।
