कैटी पेरी से अलग होने के बाद आगे बढ़े ऑरलैंडो ब्लूम! 28 साल की मॉडल संग हाथों में हाथे दिखे एक्टर
Tuesday, Feb 10, 2026-06:10 PM (IST)
कैलिफोर्निया. हॉलीवुड स्टार ऑरलैंडो ब्लूम और पॉप सिंगर कैटी पेरी ने जून 2025 में अपनी सगाई खत्म कर दी थी। इसके बाद से दोनों अपनी-अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। जहां कैटी पेरी का नाम हाल ही में कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के साथ जोड़ा जा रहा है, वहीं अब ऑरलैंडो ब्लूम के भी आगे बढ़ने की खबरें सामने आ रही हैं। हाल ही में एक्टर को कैलिफोर्निया के सांता क्लारा स्थित लेवीज़ स्टेडियम में एक खूबसूरत महिला के साथ देखा गया, जहां से उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं।

सुपर बाउल संडे के मौके पर 49 वर्षीय “लॉर्ड ऑफ द रिंग्स” फेम एक्टर ऑरलैंडो ब्लूम को हसीना संग मैच के बाद स्टेडियम से निकलते हुए देखा गया, जहां दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे नजर आए। दोनों की नजदीकियों ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों इवेंट में एक साथ पहुंचे थे, हालांकि स्टेडियम में एंट्री के वक्त लुईसा ऑरलैंडो से एक कदम आगे चल रही थीं। इसके बावजूद, पूरे समय दोनों की बॉन्डिंग और केमिस्ट्री साफ नजर आ रही थी।

ऑरलैंडो ब्लूम और लुईसा लैमेल को एक साथ देखे जाने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि सगाई टूटने के बाद अब ऑरलैंडो अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं। हालांकि, दोनों में से किसी ने भी अब तक अपने रिश्ते को लेकर आधिकारिक बयान नहीं दिया है। फिर भी, सुपर बाउल के इस सार्वजनिक अपीयरेंस ने उनके रिश्ते को लेकर अटकलों को और हवा दे दी है।

बताया जा रहा है कि ऑरलैंडो ब्लूम के साथ नजर आने वाली महिला 28 साल की स्विस फैशन मॉडल लुईसा लैमेल हैं। लुईसा फिलहाल न्यूयॉर्क सिटी में रहती हैं और फैशन इंडस्ट्री में एक जाना-पहचाना नाम हैं। वह मशहूर ब्रांड्स कैल्विन क्लाइन और ब्रैंडी मेलविल के लिए काम कर चुकी हैं।
