''काश हमें भी ऐसा..''धुरंधर'' न मिलने पर अक्षय कुमार ने जताया अफसोस, कहा- जब भी रणवीर से मिलता हूं..
Monday, Mar 16, 2026-12:10 PM (IST)
मुंबई. 'धुरंधर' की आंधी के बाद अब दर्शकों को आदित्य धर की अपकमिंग फिल्म 'धुरंधरः द रिवेंज' का बेसब्री से इंतजार है। फिल्म बहुत जल्द यानी 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। धुरंधर के दूसरे पार्ट में फिर से वही स्टारकास्ट धमाल करती नजर आएगी। इस बीच बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार यानी एक्टर अक्षय कुमार ने 'धुरंधर' को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी और इस बात पर अफसोस जाहिर किया कि वह इस फिल्म का हिस्सा नहीं बन पाए।

हाल ही में मीडिया से बातचीत में अक्षय कुमार ने धुरंधर को लेकर बात की और कहा-' फिल्म इंडस्ट्री गोल चक्र जैसी है, जो हर 2-3 साल में बदलती रहती है। दर्शकों की पसंद भी बदलती रहती है। अब 'धुरंधर' को ही देख लीजिए। ये एक एक्शन मूवी है और खून खराबा भी खूब है। मगर लोगों को ये पसंद आई और दर्शकों ने इसे एंजॉय भी किया। रणवीर सिंह फिल्म में गुस्सैल हीरो के रूप में दिखाई दिए हैं, लेकिन यही 'एंग्री यंग मैन' वाली इमेज कुछ समय के लिए इंडस्ट्री से गायब थी।'

'सब बदलता रहता है' - अक्षय कुमार
अक्षय कुमार अपनी बात जारी रखते हुए कहते हैं - 'पांच-छह साल मैंने सोशल मैसेज वाली फिल्में कीं और उन्हें काफी पसंद किया गया। वो फिल्में काफी चलीं, लेकिन अब ऐसा नहीं है। अब हॉरर-कॉमेडी का दौर है। 'स्त्री' कितनी बड़ी हिट रही। ऐसा इसलिए, क्योंकि सब कुछ बदलता रहता है। हमें नहीं पता कि दर्शकों को आगे चलकर क्या पसंद आएगा।'

इस दौरान अक्षय से पूछा गया कि क्या 'धुरंधर' जैसी फिल्मों की सफलता पर जलन होती है या फिर ऐसी फिल्म न मिलने का अफसोस होता है? जवाब में अक्षय ने कहा- 'क्या पता आदित्य धर को लगा हो कि मैं 'ल्यारी गैंग' के लिए फिट नहीं हूं, इसलिए मुझे रोल नहीं मिला। मैं जब भी रणवीर सिंह से मिलता हूं, वो मेरे काम की तारीफ करते हैं। मेरे ऐसे कई किरदार हैं जो वो करना चाहते थे, लेकिन वो मुझे मिल गए। कुछ ऐसे रोल हैं, जो उन्हें मिल गए। हिंदी सिनेमा में करीब 15-20 एक्टर हैं और हर साल लगभग 180 फिल्में बनती हैं। तो काम तो हर किसी के पास है। अफसोस सिर्फ इस बात का है कि काश हमें भी ऐसा रोल करने का मौका मिलता, बाकी जलन जैसी कोई बात नहीं है।'
