आन्या सिंह ने बताया क्यों ''बार्डर 2'' के लिए कह दिया था तुरंत ''हां'', बोलीं- ये फिल्म उनके दादा को सम्मान देने का एक मौका बन गई

Friday, Jan 16, 2026-05:40 PM (IST)

मुंबई. मल्टीस्टारर मूवी बॉर्डर 2 बहुत जल्द सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है, जिसे देखने के लिए फैंस काफी उतावले हैं। वहीं, देशभक्ति से भरपूर इस फिल्म में एक्ट्रेस आन्या सिंह भी नजर आएंगी। हाल ही में उन्होंने इस फिल्म में काम करने को लेकर अपने अनुभवों को शेयर किया और बताया कि इस मूवी के लिए उन्होंने तुरंत हां क्यों कह दिया था।


आन्या सिंह ने बताया कि यह फैसला उनके दिल से जुड़ा हुआ था। उनके लिए यह फिल्म सिर्फ एक सिनेमाई प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि भावनाओं और गर्व से जुड़ा एक खास अनुभव है। इसकी वजह है उनका अपने दादा और भारतीय सेना से जुड़ा गहरा रिश्ता। आन्या के दादा भारतीय सेना में सेवा दे चुके हैं और वे उनके सबसे बड़े समर्थक रहे हैं। ऐसे में बॉर्डर 2 उनके लिए देश और अपने दादा को सम्मान देने का एक मौका बन गई।


आन्या सिंह ने कहा कि यह उनके लिए थोड़ा भावुक पल था, लेकिन साथ ही बेहद खास भी। आन्या ने कहा कि बहुत कम मौकों पर ऐसा होता है जब आप उन लोगों को कुछ लौटा सकें जिन्होंने देश के लिए इतना कुछ किया हो। हर सैनिक निस्वार्थ, बहादुर और सम्मान के काबिल होता है, और इस फिल्म का हिस्सा बनकर उन्हें ऐसा लगा जैसे वे अपने दादा और सेना को कुछ लौटा पा रही हैं।

 

PunjabKesari

आन्या सिंह ने यह भी खुलासा किया कि जब उन्हें बताया गया कि उनका रोल छोटा है, तो उनके लिए इसका कोई मतलब नहीं था। आन्या ने कहा कि इस फिल्म में छोटा या बड़ा कुछ नहीं है, बस इसका हिस्सा होना ही सबसे बड़ी बात है। उनके लिए बॉर्डर 2 से जुड़ना अपने आप में गर्व और सम्मान की बात थी।


आन्या ने यह भी बताया कि उनके दादा ने 1971 की जंग में हिस्सा लिया था और यह वही युद्ध है जिस पर बॉर्डर 2 आधारित है। ऐसे में इस फिल्म से उनका जुड़ाव और भी निजी हो जाता है। फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद भावनात्मक अनुभव है।

आन्या ने कहा कि जब बॉर्डर 2 की घोषणा हुई थी, तभी उन्होंने मन बना लिया था कि वे यह फिल्म किसी भी हाल में करना चाहती हैं। बचपन से ही वे सेना से जुड़ी कहानियां सुनती आई हैं और हमेशा यह सोचती रही हैं कि वे देश की सेवा करने वालों को कैसे सम्मान दे सकती हैं।

आन्या सिंह के लिए बॉर्डर 2 में काम करना उन सभी लोगों को श्रद्धांजलि देने जैसा है जिन्होंने देश की सेवा की है, कर रहे हैं या आगे करेंगे। बॉर्डर 2 में आन्या सिंह की जोड़ी आहान शेट्टी के साथ नजर आएगी। इस फिल्म में आन्या और आहान के अलावा सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, मोना सिंह समेत कई सेलेब्स नजर आयेंगे। अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। 

  


Content Writer

suman prajapati

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News