नहीं रहे ''एपोकैलिप्टो'' फेम एक्टर गेरार्डो तरासेना, 55 साल की उम्र में कहा दुनिया को अलविदा

Wednesday, Feb 04, 2026-11:00 AM (IST)

एंटरटेनमेंट डेस्क. प्रसिद्ध मैक्सिकन एक्टर और डांसर गेरार्डो तरासेना अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनका 31 जनवरी 2026 को 55 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके अचानक चले जाने की खबर से फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। वह हॉलीवुड फिल्म ‘एपोकैलिप्टो’ में अपने दमदार अभिनय के लिए दुनियाभर में पहचाने जाते थे। गेरार्डो का करियर तीन दशकों से भी अधिक लंबा और विविधताओं से भरा रहा।

 

गेरार्डो तरासेना के निधन की आधिकारिक पुष्टि एसोसिएसियन नेशनल डी एक्टोरेस (ANDA) ने की है। संगठन ने अपने बयान में उनके निधन पर गहरा दुख जताया, हालांकि मृत्यु के कारणों या किसी मेडिकल स्थिति को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की गई। उनके चाहने वालों और इंडस्ट्री के साथी कलाकारों के लिए यह खबर किसी बड़े सदमे से कम नहीं है।

थिएटर और डांस से फिल्मों तक का सफर

1970 में मैक्सिको सिटी में जन्मे गेरार्डो तरासेना ने अपने करियर की शुरुआत एक डांसर और थिएटर कलाकार के रूप में की थी। मंच पर वर्षों तक काम करने के बाद उन्होंने फिल्मों की दुनिया में कदम रखा और जल्द ही अपनी अलग पहचान बना ली। उनका अभिनय हमेशा इंटेंस, रियल और प्रभावशाली माना गया।

यादगार फिल्में और सीरीज

गेरार्डो तरासेना ने अपने करियर में कई अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स में काम किया। वह ‘मैन ऑन फायर’, ‘द मैक्सिकन’ जैसी हॉलीवुड फिल्मों में नजर आए। इसके अलावा नेटफ्लिक्स की चर्चित सीरीज ‘नार्कोस: मैक्सिको’ में ड्रग लॉर्ड पाब्लो अकोस्टा के किरदार ने उन्हें नई पीढ़ी के दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता दिलाई। उनकी एक्टिंग को आलोचकों और दर्शकों दोनों ने खूब सराहा।
 


Content Writer

suman prajapati

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News