रणबीर कपूर के समर्पण से प्रभावित हुए अरुण गोविल, ‘रामायण’ पर कही बड़ी बात

Wednesday, Apr 08, 2026-02:20 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। 'रामायणम्', जो भारत की सबसे पवित्र पौराणिक गाथाओं में से एक है, अब दो भागों वाली एक भव्य फिल्म के रूप में आ रही है और इसे लेकर देश भर में जबरदस्त माहौल बना हुआ है। हाल ही में जब मेकर्स ने हनुमान जयंती के मौके पर कई शहरों में एक साथ रणबीर कपूर का भगवान राम वाला पहला लुक रिलीज किया, तो एक्साइटमेंट सातवें आसमान पर पहुँच गई। इस पहली झलक ने दर्शकों को फिल्म की उस जादुई और भव्य दुनिया से रूबरू कराया, जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया। रणबीर की दिव्य स्क्रीन प्रेजेंस और फिल्म के बड़े स्केल ने पूरे देश में एक नई चर्चा छेड़ दी है।

इस उत्साह को और बढ़ाते हुए अरुण गोविल ने भी अपनी बात रखी है। अरुण गोविल, जिन्हें रामानंद सागर की 'रामायणम्' में भगवान राम के अपने आइकोनिक किरदार के लिए आज भी पूजा जाता है, अब नितेश तिवारी की 'रामायणम्' में राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने रणबीर कपूर द्वारा निभाए जा रहे इस पावन किरदार पर अपना पूरा भरोसा जताया है।

अरुण गोविल ने कहा, "जहाँ तक रणबीर की बात है, तो मेरा मानना है कि वह एक बेहतरीन एक्टर हैं। वह बहुत मेहनत करते हैं। असल में वह बहुत संस्कारी बच्चे हैं, मैंने कई बार यह नोटिस किया है। इसलिए मुझे पूरा भरोसा है कि वह अपना बेस्ट देने की पूरी कोशिश करेंगे।"

दिलचस्प बात यह है कि रणबीर कपूर पहले ही बता चुके हैं कि 'रामायणम्' के लिए उनकी तैयारी उसी दिन शुरू हो गई थी, जिस दिन उन्होंने पहली बार रामानंद सागर की 'रामायणम्' देखी थी। उस अनुभव ने भगवान राम के किरदार के प्रति उनकी समझ को गहराई से बदला और उन्हें इस भूमिका को निभाने के लिए प्रेरित किया।

'रामायणम्' में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी सीता के रूप में, रॉकिंग स्टार यश रावण के रूप में, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में नज़र आएंगे। ये सभी कलाकार मिलकर पौराणिक कहानियों को बड़े पर्दे पर पेश करने के अंदाज़ को पूरी तरह बदलने के लिए तैयार हैं।

नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बन रही इस फिल्म को नमित मल्होत्रा की प्राइम फोकस स्टूडियोज, 8 बार के ऑस्कर विजेता DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के साथ मिलकर प्रोड्यूस कर रही है। दो भागों वाली यह ऐतिहासिक फिल्म दुनिया भर में IMAX में रिलीज होगी, जिसका पहला पार्ट दिवाली 2026 और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 को सिनेमाघरों में आएगा।


Content Editor

Jyotsna Rawat

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News