बिग बॉस 17 फेम रैपर खानजादी अस्पताल में भर्ती, हाथ में IV ड्रिप देख चिंता में पड़े फैंस
Tuesday, Jan 06, 2026-03:44 PM (IST)
मुंबई. ‘बिग बॉस 17’ से पहचान बनाने वाली रैपर खानजादी, जिन्हें असली नाम से फ़िरोज़ा खान भी जाना जाता है, इस वक्त अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने खुद इस बात की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी है। खानजादी ने अस्पताल से अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो शेयर किया, जिसे देखकर उनके फैंस काफी चिंतित हो गए हैं। हालांकि, उन्होंने यह खुलासा नहीं किया है कि आखिर उन्हें क्या हुआ है।

अस्पताल से शेयर किया वीडियो
खानजादी द्वारा शेयर किए गए वीडियो में वह अस्पताल के बेड पर लेटी नजर आ रही हैं। उनके हाथ में IV ड्रिप लगी हुई दिखाई देती है। इस हालत में भी वह काफी शांत और मजबूत नजर आईं और कैमरे की ओर मुस्कुराती दिख रही हैं। वीडियो के साथ उन्होंने अपने फॉलोअर्स को भरोसा दिलाया कि वह अपनी सेहत से जुड़ी पूरी जानकारी आने वाले व्लॉग में शेयर करेंगी। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआएं करने लगे।

बिग बॉस 17 में किया था बीमारी का खुलासा
यह पहली बार नहीं है जब खानजादी की सेहत को लेकर चर्चा हो रही है। ‘बिग बॉस 17’ के दौरान उन्होंने खुलासा किया था कि वह एंकिलोसिंग स्पॉन्डिलाइटिस (AS) नाम की गंभीर और लंबे समय तक रहने वाली बीमारी से जूझ चुकी हैं। यह बीमारी शरीर में सूजन और तेज दर्द से जुड़ी होती है। खानजादी ने बताया था कि इस बीमारी के चलते उन्हें करीब तीन साल तक व्हीलचेयर पर रहना पड़ा था, जिसे उन्होंने अपनी जिंदगी का सबसे कठिन दौर बताया।

शो के दौरान जब उन्होंने अपनी बीमारी के बारे में खुलकर बात की थी, तब कुछ कंटेस्टेंट्स ने उनके दावों पर सवाल भी उठाए थे। बाद में मामला तब साफ हुआ, जब उनके डॉक्टर ने सार्वजनिक रूप से उनकी मेडिकल कंडीशन और इलाज की पुष्टि की।
संघर्ष की कहानी बनी प्रेरणा
लगातार स्वास्थ्य समस्याओं के बावजूद खानजादी ने कभी हार नहीं मानी। उनकी हिम्मत और जज़्बे की अक्सर तारीफ की जाती रही है। उनकी कहानी उन लोगों के लिए प्रेरणा बन चुकी है, जो लंबे समय से किसी बीमारी से जूझ रहे हैं। ‘बिग बॉस 17’ के बाद उनकी शो के कुछ कंटेस्टेंट्स, खासकर अंकिता लोखंडे और विक्की जैन के साथ भी अच्छी बॉन्डिंग देखने को मिली थी, जिन्हें वह अपने परिवार जैसा मानती हैं।
