Bigg Boss 19: अवेज दरबार के एविक्शन पर भड़के एल्विश यादव, कहा- ''ये बिल्कुल सही फैसला नहीं था''

Monday, Sep 29, 2025-03:18 PM (IST)

मुंबई. सलमान खान के लोकप्रिय रियलिटी शो बिग बॉस 19 में इन दिनों जबरदस्त ड्रामा और उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। हाल ही में हुए वीकेंड का वार एपिसोड में शो के कंटेस्टेंट और मशहूर सोशल मीडिया स्टार अवेज दरबार को घर से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। अवेज के एविक्शन से जहां घर के बाकी सदस्य हैरान रह गए, वहीं बाहर बैठे उनके चाहने वालों को भी यह खबर बड़ा झटका दे गई। अवेज दरबार के एविक्शन पर बिग बॉस ओटीटी 2 के विनर और यूट्यूबर एल्विश यादव ने भी अपनी राय रखी है। 

 

एल्विश यादव ने बताया फैसला 'अनफेयर'


बिग बॉस ओटीटी 2 के विनर और यूट्यूबर एल्विश यादव ने अवेज दरबार के एविक्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने अवेज को शो से बाहर किए जाने को अनफेयर बताया। वीडियो में एल्विश ने कहा- "अभी-अभी इवेंट खत्म हुआ और मुझे पता चला कि अवेज भाई घर से बाहर हो गए हैं। उस दिन गौहर भी घर में आई थीं, उन्होंने अवेज को गाइड किया था कि उन्हें कहां सुधार करना है और कहां ज्यादा नजर आना है। लेकिन उसी दिन उन्हें बाहर कर देना बिल्कुल सही फैसला नहीं था। वो अच्छा खेल रहा था और उसे शो में आगे तक रहना चाहिए था।"

फैंस भी हुए हैरान

एल्विश का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो गया। अवेज के फैंस भी एल्विश की इस बात से सहमत नजर आए। अवेज की फैन फॉलोइंग करीब 30 मिलियन है, इसके बावजूद उनका शो से बाहर होना फैंस के लिए समझ से परे है। सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि इतनी बड़ी फैन बेस के बावजूद अवेज को पर्याप्त वोट क्यों नहीं मिल पाए।

पहले भी हो चुके हैं एविक्शन

अवेज से पहले बिग बॉस 19 के घर से नगमा मिराजकर और नतालिया जानोसजेक भी बाहर हो चुकी हैं। लगातार एविक्शन से दर्शकों में शो को लेकर और ज्यादा उत्सुकता बढ़ गई है।

अब घर में कौन-कौन?

अवेज दरबार के बाहर होने के बाद अब बिग बॉस 19 के घर में कुल 14 कंटेस्टेंट्स बचे हैं। इनमें शामिल हैं:अभिषेक बजाज, फरहाना भट्ट, गौरव खन्ना, नेहल चुडासमा, जीशान कुरैशी, अमाल मलिक, अशनूर कौर, बसीर अली, प्रणित मोरे, तान्या मित्तल, नीलम गिरी, कुनिका सदानंद, शहबाज बदेशा और मृदुल तिवारी। शो में अब जैसे-जैसे कंटेस्टेंट्स की संख्या घटती जा रही है, वैसे-वैसे मुकाबला और भी दिलचस्प होता जा रहा है। 
  


Content Writer

suman prajapati

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News