श्रीदेवी की संपत्ति पर परिवार ने ठोका दावा, बेटी जाह्नवी और खुशी संग बोनी कपूर ने किया हाईकोर्ट का रुख

Wednesday, Mar 18, 2026-12:04 PM (IST)

मुंबई. दिवंगत एक्ट्रेस श्रीदेवी की चेन्नई स्थित संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद में अब उनका परिवार कानूनी लड़ाई लड़ रहा है। फिल्म निर्माता बोनी कपूर और उनकी बेटियां जाह्नवी और खुशी कपूर ने इस मामले में मद्रास हाई कोर्ट का रुख किया है।

 

हाईकोर्ट पहुंचा कपूर परिवार

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कपूर परिवार ने चेंगलपट्टू के अतिरिक्त जिला न्यायाधीश के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें श्रीदेवी की संपत्ति से जुड़े दावे को खारिज करने से इनकार कर दिया गया था। अब इस मामले की सुनवाई हाईकोर्ट में होगी।

बताया जा रहा है कि अदालत ने इस याचिका पर अगली सुनवाई 26 मार्च 2026 तय की है। साथ ही, तब तक निचली अदालत में चल रही सभी कार्यवाहियों पर रोक लगा दी गई है।

संपत्ति पर दावा करने वाले कौन हैं?

इस विवाद की शुरुआत तब हुई, जब चंद्रबानू नाम की एक महिला और उनके दो बच्चों—एम.सी. शिवकामी और एम.सी. नटराजन—ने चेन्नई की इस संपत्ति पर अपना दावा पेश किया। इनका कहना है कि ईस्ट कोस्ट रोड के पास स्थित करीब 4.7 एकड़ जमीन उनके पूर्वजों की थी। उन्होंने अदालत से उन दस्तावेजों को रद्द करने की मांग की है, जिनके जरिए श्रीदेवी और उनकी बहन ने इस जमीन को अपने नाम किया था। उनके मुताबिक, ये दस्तावेज फर्जी हैं और संपत्ति में उनका भी अधिकार बनता है।

बोनी कपूर ने दावों को बताया निराधार

इस पूरे मामले में बोनी कपूर पहले ही इन दावों को गलत और कानूनी रूप से अस्वीकार्य बता चुके हैं। उन्होंने अपनी याचिका में कहा कि यह दावा धोखाधड़ी की कोशिश है और इसका कोई ठोस आधार नहीं है।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि करीब 37 साल पुराने दस्तावेजों को अब चुनौती क्यों दी जा रही है। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में समय सीमा का भी उल्लंघन किया गया है।

पारिवारिक पृष्ठभूमि

बोनी कपूर और श्रीदेवी की शादी 1996 में हुई थी। उनकी दो बेटियां हैं-जाह्नवी और खुशी कपूर, जो आज बॉलीवुड में सक्रिय हैं। श्रीदेवी का निधन 24 फरवरी 2018 को दुबई में हुआ था, जिसके बाद उनकी संपत्तियों और अधिकारों से जुड़े मामलों पर परिवार नजर बनाए हुए है। 


Content Writer

suman prajapati

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News