वेडिंग एनिवर्सरी पर वाइफ शिबानी संग रोमांटिक हुए फरहान, गाल पर किया KISS, लिखा-जो हर चीज को बेहतर बना देती है..
Monday, Feb 23, 2026-12:29 PM (IST)
मुंबई. बॉलीवुड एक्टर फरहान अख्तर इन दिनों अपनी निजी और प्रोफेशनल लाइफ दोनों को लेकर सुर्खियों में हैं। एक तरफ वह जल्द ही एक हॉलीवुड प्रोजेक्ट में नजर आने वाले हैं, तो वहीं दूसरी ओर उन्होंने अपनी शादी की चौथी सालगिरह बड़े ही खास अंदाज में मनाई है। एक्टर ने खास दिन पर अपनी बीवी के साथ कुछ खूबसूरत तस्वीरें शेयर कीं, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं।

शादी की सालगिरह पर शेयर की खास तस्वीरें
फरहान अख्तर ने सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी शिबानी दांडेकर के साथ कुछ खूबसूरत तस्वीरें शेयर कीं। एक तस्वीर में फरहान प्यार से शिबानी के गाल पर किस करते नजर आ रहे हैं। दूसरी फोटो में दोनों मैचिंग शर्ट पहनकर मुस्कुराते हुए पोज दे रहे हैं। वहीं एक और तस्वीर में फरहान फॉर्मल आउटफिट में दिखे, जबकि शिबानी हाई-स्लिट ड्रेस में बेहद ग्लैमरस लग रही हैं।
तस्वीरें पोस्ट करते हुए फरहान ने कैप्शन में लिखा, “उस महिला के नाम जो हर चीज को बेहतर बना देती है। शादी की चौथी सालगिरह मुबारक हो। शिबानी, मैं तुमसे प्यार करता हूं।” उनकी इस पोस्ट पर फैंस और दोस्तों ने जमकर प्यार लुटाया और कपल को सालगिरह की शुभकामनाएं दीं।

कब हुई थी शादी?
फरहान और शिबानी ने 19 फरवरी 2022 को शादी रचाई थी। दोनों ने करीब चार साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद विवाह का फैसला लिया था। इससे पहले फरहान की शादी अधुना भबानी से हुई थी, लेकिन 2017 में दोनों अलग हो गए। पहली शादी से उन्हें दो बेटियां शाक्य और अकीरा हैं।
हॉलीवुड फिल्म में निभाएंगे अहम किरदार
वर्कफ्रंट की बात करें तो फरहान अख्तर हॉलीवुड फिल्म ‘द बीटल्स’ में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में वह भारत रत्न से सम्मानित महान सितार वादक रवि शंकर की भूमिका निभाएंगे। फिल्म का निर्देशन मशहूर निर्देशक Sam Mendes कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, यह फिल्म अप्रैल 2028 में सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है।
