मैक्सिको की फातिमा बॉश बनीं मिस यूनिवर्स 2025, फाइनल राउंड में सवाल का जवाब देकर जीत लिया हर किसी का दिल
Friday, Nov 21, 2025-11:13 AM (IST)
मुंबई. मिस यूनिवर्स 2025 का ग्रैंड फिनाले खत्म हो चुका है और इस बार दुनिया ने एक नई क्वीन का स्वागत किया। मैक्सिको की 25 वर्षीय फातिमा बॉश ने मिस यूनिवर्स 2025 का खिताब जीता है। जैसे ही मंच पर उनका नाम विनर के रूप में घोषित किया गया, पूरा एरिया तालियों, शोर और खुशी के नारों से गूंज उठा। लोग अपनी जगह से उठकर चिल्लाने लगे, कई दर्शक भावुक होकर रो पड़े और हर तरफ “फातिमा… फातिमा…” की गूंज सुनाई देने लगी।

जहां मेक्सिकन ब्यूटी फातिमा बॉश ने मिस यूनिवर्स का ताज अपने नाम किया। वहीं, पहली रनर-अप मिस थाईलैंड (प्रवीणर सिंह) रहीं, जिन्होंने पूरे कॉन्फिडेंस के साथ टॉप 2 तक जगह बनाई। तो सेकेंड रनर-अप मिस वेनेज़ुएला बनीं, जबकि थर्ड रनर-अप मिस फिलीपींस रहीं।

जब फातिमा आगे बढ़कर ताज लेने स्टेज पर पहुंचीं, उनके चेहरे पर उत्साह और हल्की घबराहट साफ झलक रही थी।
अंतिम राउंड में दिए गए उनके जवाब ने फिनाले का माहौल पूरी तरह बदल दिया। उनके शब्दों ने न सिर्फ जजों बल्कि दर्शकों के दिलों को भी छू लिया। फातिमा ने बताया कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने सालों मेहनत की और महीनों तक लगातार तैयारी की। जब उनके सिर पर ताज सजाया गया, तो उनकी आंखों में आंसू आ गए—ये पल वाकई किसी सपने जैसा महसूस हो रहा था।
क्वेश्चन राउंड में फातिमा का दमदार जवाब
उनसे पूछा गया कि “2025 में महिलाओं को सबसे बड़ी चुनौतियां क्या हैं, और मिस यूनिवर्स के रूप में वे महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल कैसे बनाएंगी?”
फातिमा ने जवाब में कहा- आज भी महिलाएं सुरक्षा, अवसरों की कमी और सम्मान जैसे मुद्दों से जूझ रही हैं। लेकिन नई पीढ़ी अब चुप नहीं रहती- वे अन्याय के खिलाफ बोलती हैं। महिलाएं अब नेतृत्व संभालने के लिए आगे आ रही हैं और उन चर्चाओं को बदल रही हैं, जिनसे उन्हें वर्षों तक दूर रखा गया था।
भीड़ ने उनके जवाब का स्वागत जोरदार तालियों से किया। उसी समय हर किसी को महसूस हो गया था कि फातिमा बाकी कंटेस्टेंट्स से एक अलग और ऊंचे स्तर पर पहुंच चुकी हैं।
लाइव इवेंट में ‘DUMP HEAD’ कहे जाने का विवाद
इस फिनाले से जुड़ी एक और चौंकाने वाली बात ने काफी बहस छेड़ दी थी। इवेंट के दौरान एक आयोजक ने लाइव कैमरे पर फातिमा को “Dump Head” कह दिया था। यह क्लिप वायरल हुई और सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे उनकी बेइज्जती बताते हुए आयोजकों की कड़ी आलोचना की। हालांकि बाद में टीम ने इसे मजाक बताया, लेकिन फैंस ने इसे असंवेदनशील और अनुचित कहा। इस विवाद के बीच फातिमा पर दबाव भी बढ़ा था, लेकिन उन्होंने साबित कर दिया कि किसी की टिप्पणी उनके आत्मविश्वास को नहीं हिला सकती।
