राजपाल यादव के बाद बढ़ीं श्रेयस तलपड़े मुश्किलें, धोखाधड़ी के आरोप में एक्टर समेत 12 के खिलाफ FIR

Friday, Feb 13, 2026-10:23 AM (IST)

मुंबई. एक तरफ जहां एक्टर राजपाल यादव चेक बाउंस मामले में कानूनी विवादों में घिरे हुए हैं। वहीं, फिल्म ‘गोलमाल’ के एक्टर श्रेयस तलपड़े की मुश्किलें भी बढ़ती नजर आ रही हैं। हाल ही में एक्टर के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगा है। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में कथित निवेश घोटाले को लेकर श्रेयस पर एफआईआर दर्ज की गई है।

निवेश घोटाले का आरोप

मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र में दर्ज एफआईआर के अनुसार, श्रेयस तलपड़े समेत कुल 12 लोगों पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उन्हें आकर्षक रिटर्न का भरोसा दिलाकर निवेश कराया गया, लेकिन तय समय आने पर उनकी रकम वापस नहीं की गई।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, महाराष्ट्र से संचालित एलयूसीसी (LUCC) नामक बैंक/कंपनी की एक शाखा वर्ष 2015 में भोगांव कस्बे में खोली गई थी। स्थानीय लोगों से निवेश के नाम पर धन जुटाया गया। आरोप है कि जब परिपक्वता अवधि पूरी हुई तो निवेशकों को भुगतान नहीं किया गया और वर्ष 2024 में संबंधित शाखा बंद हो गई।

कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई एफआईआर

बताया जा रहा है कि जब निवेशकों ने स्थानीय पुलिस से शिकायत की तो तत्काल कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ितों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

एफआईआर में श्रेयस तलपड़े सहित 12 लोगों के नाम शामिल हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है। इस प्रकरण पर अभिनेता की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

श्रेयस तलपड़े का करियर

श्रेयस तलपड़े हिंदी और मराठी सिनेमा का जाना-पहचाना चेहरा हैं। वह फिल्म ‘इकबाल’, ‘गोलमाल’ श्रृंखला, ‘ओम शांति ओम’, ‘हाउसफुल 2’ और अन्य कई फिल्मों में नजर आ चुके हैं। हाल के वर्षों में उन्होंने वेब सीरीज और टीवी रियलिटी शोज में भी काम किया है।
 


Content Writer

suman prajapati

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News