अमेरिकन पॉप-स्टार रिहाना के घर पर फायरिंग, टेस्ला कार में बैठी महिला ने चलाई धड़ाधड़ 10 गोलियां
Monday, Mar 09, 2026-01:50 PM (IST)
मुंबई. अमेरिकन पॉप स्टार रिहाना को लेकर एक शॉकिंग खबर सामने आई है। बीते दिन रविवार को सिंगर के घर पर फायरिंग की घटना हुई, जिसका पता चलते ही पुलिस एक्टिव हो गई और इस मामले में एक 30 वर्षीय महिला को हिरासत में लिया। ये हमला तब हुआ जब रिहाना अपने घर के अंदर ही थीं। तो आइए जानते हैं इस घटना के बारे में पूरी डिटेल..

रिहाना के घर ये फायरिंग की घटना 8 मार्च की दोपहर को हुई। फायरिंग की जानकारी मिलते ही पुलिस एक्शन में आ गई और करीब 1ः21 बजे घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। इसके बाद पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया।

अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी महिला अपनी कार में थी और गाड़ी के अंदर से ही उसने रिहाना के घर पर कई राउंड फायरिंग की और तुरंत वहां से फरार हो गई।
सबसे पहले घटना की जानकारी देने वाले शख्स ने बताया कि महिला एक व्हाइट कलर की टेस्ला कार में मौजूद थी और उसने रिहाना के घऱ पर करीब 10 राउंड फायरिंग की। घटना के दौरान रिहाना घर के अंदर थीं। गनीमत यह रही कि रिहाना को कोई आंच नहीं आई और वह पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
पुलिस के मुताबिक फायरिंग में कोई भी घायल नहीं हुआ है। हालांकि फिलहाल आरोपी की पहचान को उजागर नहीं किया गया है। इसके अलावा, आरोपी के फायरिंग के मकसद के बारे में पता नहीं चल पाया है।
वहीं सिंगर रिहाना की ओर से भी इस घटना पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
