''दो नंबरी'' के साथ मची धूम, ''मिर्जापुर: द मूवी'' का पहला गाना हुआ रिलीज

Tuesday, Aug 04, 2026-04:25 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। साल की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल मिर्जापुर: द मूवी की थिएटर रिलीज से पहले एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज ने आज फिल्म के साउंडट्रैक एल्बम का पहला गाना 'दो नंबरी' रिलीज कर दिया है। इस गाने को हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के बड़े नाम धांडा न्योलीवाला ने लिखा, कंपोज़ किया और अपनी आवाज दी है। दमदार एनर्जी से भरपूर यह ट्रैक उनके बहुप्रतीक्षित बॉलीवुड डेब्यू का भी आगाज़ है। साथ ही यह एक्सेल एंटरटेनमेंट के नए लॉन्च हुए म्यूजिक लेबल एक्सेल म्यूजिक का पहला रिलीज भी है।

धांडा न्योलीवाला अपने चार्टबस्टर गानों, अलग अंदाज और दमदार स्टेज परफॉर्मेंस के लिए जाने जाते हैं। उनके करोड़ों फैंस हैं और उनके कई गाने वायरल हो चुके हैं। अब वह अपने सिग्नेचर स्टाइल के साथ भारत की सबसे बड़ी एंटरटेनमेंट फ्रेंचाइज़ियों में से एक मिर्जापुर का हिस्सा बने हैं।

मिर्जापुर: द मूवी दर्शकों को फिर से सीजन 1 की दुनिया में लेकर जाएगी। फिल्म में पहली बार बड़े पर्दे पर गुड्डू पंडित (अली फज़ल), मुन्ना भैया (दिव्येंदु) और कालीन भैया (पंकज त्रिपाठी) जैसे फ्रेंचाइज़ी के सबसे लोकप्रिय किरदारों की वापसी होगी। फिल्म में जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी, सोनल एस. चौहान, अनंगशा बिस्वास, शाजी चौधरी, सतेंद्र सोनी, कुलभूषण खरबंदा और सुशांत सिंह भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

मिर्जापुर: द मूवी को अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने इसे एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। वहीं कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके सह-निर्माता हैं। यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में हिंदी और तेलुगु भाषा में रिलीज होगी।


Content Editor

Jyotsna Rawat

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News