कैटरीना-विक्की से लेकर कियारा-सिद्धार्थ तक..2025 में इन कपल्स को मिला पेरेंट्स बनने का सुख, पहली बार आंगन में गूंजी किलकारी
Wednesday, Dec 17, 2025-01:29 PM (IST)
मुंबई. साल 2025 महज कुछ दिनों में खत्म होने को है और यह वर्ष लोगों को कई खट्टी-मीठी यादें देकर जा रहा है। वहीं, बॉलीवुड सितारों के लिए ये साल बेहद खास और यादगार साबित हुआ। इस साल कई फेमस कपल्स के घर बच्चे के किलकारियां गूंजी, जिससे उनकी सुनी गोद भर गई और आंगन चहक उठा। तो आइए जानते हैं उन बॉलीवुड कपल्स के बारे में, जो साल 2025 में माता-पिता बने।

विक्की कौशल और कैटरीना कैफ
बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय कपल्स में शामिल विक्की कौशल और कैटरीना कैफ ने शादी के बाद इस साल अपने पहले बच्चे का स्वागत किया। कैटरीना ने नवंबर 2025 में पति विक्की के बेटे को जन्म दिया। हालांकि, कपल ने अब तक न तो अपने बेटे की झलक सार्वजनिक की है और न ही उसका नाम रिवील किया है।

राजकुमार राव और पत्रलेखा
बेहतरीन अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले राजकुमार राव और उनकी पत्नी पत्रलेखा भी इस साल माता-पिता बने। नवंबर 2025 में पत्रलेखा ने एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया। इस खुशी को कपल ने बेहद सादगी के साथ सेलिब्रेट किया।

सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी
फैंस के चहेते कपल्स में से एक सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी ने भी इस साल अपने पहले बच्चे का स्वागत किया। उनके घर जुलाई 2025 में नन्ही परी का आगमन हुआ। कपल ने अपनी बेटी का नाम सारायाह मल्होत्रा रखा है। हालांकि, अब तक उन्होंने अपनी बेटी का चेहरा नहीं दिखाया है और उसकी प्राइवेसी का पूरा ध्यान रख रहे हैं।

परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा
एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा और राजनेता राघव चड्ढा भी इस साल माता-पिता बने। परिणीति ने एक बेटे को जन्म दिया, जिसकी जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया के जरिए फैंस के साथ शेयर की। पोस्ट में उन्होंने भावुक शब्दों में लिखा कि अब उनका परिवार पूरा हो गया है।

अरबाज खान और शूरा
एक्टर और प्रोड्यूसर अरबाज खान और उनकी पत्नी शूरा के घर अक्टूबर 2025 में खुशियों ने दस्तक दी। शूरा ने एक बेटी को जन्म दिया, जिसका नाम कपल ने सिपारा रखा है। बेटी के जन्म के बाद से दोनों बेहद खुश नजर आ रहे हैं और इस नए सफर को एंजॉय कर रहे हैं।

अथिया शेट्टी और केएल राहुल
क्रिकेटर केएल राहुल और एक्ट्रेस अथिया शेट्टी भी 2025 में पेरेंट्स बने। फरवरी में अथिया ने एक बेटी को जन्म दिया, जिसका नाम इवारा रखा गया है। इस खुशी के साथ एक्टर सुनील शेट्टी नाना भी बन गए, जिसे लेकर उन्होंने अपनी खुशी जाहिर की।
कुल मिलाकर साल 2025 बॉलीवुड सितारों के लिए सिर्फ करियर ही नहीं, बल्कि पर्सनल लाइफ के लिहाज से भी बेहद खास रहा। इन कपल्स के घर आए नन्हे मेहमानों ने फैंस को भी खुशियों से भर दिया और सोशल मीडिया पर बधाइयों का सिलसिला लगातार जारी रहा।
