पंजाब में बाढ़ पीड़ितों के प्रति गायक गुरदास मान ने दिखाई दरियादिली, CM राहत कोष में देंगे 25 लाख रुपये
Monday, Sep 01, 2025-04:48 PM (IST)

मुंबई. पंजाब में इस समय बाढ़ से कई इलाके बुरी तरह प्रभावित हैं। ऐसे मुश्किल समय में पंजाब के मशहूर गायक और एक्टर गुरदास मान लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष में 25 लाख रुपये दान देने की घोषणा की है।
गुरदास मान ने कहा कि पंजाब उनकी मां के समान है और इस संकट की घड़ी में पंजाबियों की सेवा करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने अपील की कि हर वो इंसान जो सक्षम है, इस समय बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए।
गुरदास मान द्वारा राहत कोष में दी गई इस मदद को सोशल मीडिया पर भी काफी सराहना मिल रही है। लोग उन्हें "सच्चा पंजाबी सपूत" कहकर धन्यवाद दे रहे हैं।
पंजाब के कई जिले बाढ़ से प्रभावित
हाल ही में हुई भारी बारिश और नदियों के उफान के कारण पंजाब के कई जिले जैसे गुरदासपुर, कपूरथला, होशियारपुर आदि बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। हजारों लोग बेघर हो गए हैं और सरकार व स्वयंसेवी संगठन राहत कार्यों में जुटे हुए हैं।