''मैं उनसे अब कब मिलूंगी?..धर्मेंद्र की याद में हर पल तड़पती हैं हेमा मालिनी, बाफ्टा में दिवंगत को श्रद्धांजलि मिलने पर हुईं भावुक

Tuesday, Feb 24, 2026-03:13 PM (IST)

मुंबई. हिंदी सिनेमा के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र 24 नवंबर 2025 को इस दुनिया को अलविदा कह गए थे। उनके निधन से उनके फैंस को बड़ा झटका लग था। वहीं, उनकी फैमिली अभी भी एक्टर को खोने के गम से बाहर नहीं आ पा रही है। हाल ही में जब 79वें ब्रिटिश एकेडमी फिल्म पुरस्कार यानी बाफ्टा में दिवंगत एक्टर को श्रद्धांजलि दी गई तो उनकी पत्नी हेमा मालिनी भावुक हो गई और कहा कि वह हर पल उन्हें याद करती हैं।


बाफ्टा अवॉर्ड सेरेमनी में धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दिए जाने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए हेमा मालिनी ने कहा- जिस तरह बाफ्टा में उन्हें याद किया गया, यह ट्रिब्यूट उनके लिए दिल को छू लेने वाला था, क्योंकि धर्मेंद्र की लोकप्रियता सरहदों से परे थी। हेमा मालिनी ने कहा कि 'धर्मेंद्र सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के स्टार थे। वह ऐसी शख्सियत थे जिनकी चमक सरहदों से कहीं आगे तक फैली हुई थी। उनके चाहने वाले दुनिया के हर कोने में मौजूद थे। हे भगवान, विदेशों में लोग उन्हें देखकर जिस तरह दीवाने हो जाते थे, वह सचमुच हैरान कर देने वाला नजारा होता था।'

 


दिवंगत पति के साथ अपनी यादों को ताजा करते हुए हेमा मालिनी ने कहा- 'हम दोनों ही काफी व्यस्त रहते थे। करियर के पीक पर हम दोनों के पास ही समय नहीं होता था। इसलिए साथ में ज्यादा से ज्यादा समय बिताने के लिए हम अक्सर साथ में फिल्में साइन करते थे। हम शूटिंग के अलावा ज्यादा ट्रैवल नहीं करते थे और साथ फिल्म साइन करते थे, ताकि साथ समय बिता सकें।'


आगे उन्होंने कहा- 'मैं उन्हें (धर्मेंद्र को) हर पल याद करती हूं और अक्सर खुद से पूछती रहती हूं कि क्या वह वाकई चले गए? मैं उनसे अब कब मिलूंगी? मुझे उनकी 'चुपके चुपके' फिल्म बहुत पसंद है और अपनी और उनकी शोले फिल्म भी बहुत पसंद है।'

 

हेमा मालिनी-धर्मेंद्र की शादी 

बता दें, हेमा मालिनी धर्मेंद्र की दूसरी पत्नी हैं। दोनों की शादी 1980 में हुई थी और फिर दो बेटियों ईशा और अहाना का स्वागत किया था। एक्टर की पहली शादी प्रकाश कौर से हुई थी, जिनसे उनके चार बच्चे सनी, बॉबी, अजीता और विजेता हैं।


Content Writer

suman prajapati

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News