मुंबई मेट्रो हादसे को ऋतिक रोशन ने बताया बेहद दुखद और दर्दनाक, कहा-ऐसी दुर्घटनाओं की रोकथाम प्रमुखता होनी चाहिए
Monday, Feb 16, 2026-11:08 AM (IST)
मुंबई. 14 फरवरी को मुंबई के मुलुंड में एक बेहद ही भयानक हादसा हुआ। मुलुंड में निर्माणाधीन मेट्रो ट्रेन के ऊंचे पुल की रेलिंग गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और लगभग तीन लोग घायल हो गए। इस घटना पर लोग सोशल मीडिया पर अपना रोष प्रकट करते नजर आ रहे हैं। इसी बीच हाल ही में एक्टर ऋतिक रोशन ने भी इस घटना पर दुख जताते हुए इसे दिल दहला देने वाला बताया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों से एक खास अपील भी की है।

एक्टर ऋतिक रोशन ने इस घटना पर अपना दुख जाहिर करते हुए इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर की, जिसमें उन्होंने लिखा, ‘यह बेहद दुखद और दर्दनाक घटना है। मृतक के परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं और घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।जवाबदेही तय करने के लिए अधिकारियों ने जो तुरंत कार्रवाई की, मैं उसकी सराहना करता हूं। लेकिन सुरक्षा जांच और ऐसी दुर्घटनाओं की रोकथाम प्रमुखता होनी चाहिए। खासकर मुंबई की सबसे व्यस्त सड़कों पर चल रहे सभी विकास कार्यों को देखते हुए।

उन्होंने आगे कहा- निर्माण मजदूरों और आम लोगों की सुरक्षा सबसे जरूरी है। मैं उम्मीद करता हूं कि भविष्य में ऐसे हादसों से बचने के लिए सख्त नियम और प्रोटोकॉल लागू किए जाएंगे।’
बता दें, ऋतिक से पहले स्टैंड-अप कॉमेडियन और लेखक वरुण ग्रोवर ने भी इस घटना पर अपनी रोष व्यक्त किया था और लिखा था- 'मुंबई भारत का सबसे भ्रष्ट शहर है, शायद बहुत बड़े अंतर से। भारत की वाणिज्यिक राजधानी में सड़कें सबसे खराब हैं। मैंने पिछले दो वर्षों में लगभग हर भारतीय राज्य के गांवों की सड़कें देखी हैं और वे इससे बेहतर हैं। शहरी नियोजन बेहद खराब है, और मानव जीवन के प्रति पूर्ण उपेक्षा है। '
