Exclusive Interview: ‘लॉक अप 2’ में होगा मनोरंजन का तगड़ा डोज, रितेश-फराह ने खोले शो के बड़े राज
Thursday, Jun 25, 2026-03:01 PM (IST)
नई दिल्ली। सबसे चर्चित रियलिटी शो लॉक अप का दूसरा सीजन एक नए अंदाज में दर्शकों के सामने आने जा रहा है। इस बार शो की कमान संभाली है बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख और मशहूर फिल्ममेकर-कोरियोग्राफर फराह खान ने। दोनों की जोड़ी पहली बार किसी रियलिटी शो में साथ दिखाई दे रही है। एक तरफ रितेश का संतुलित और शांत व्यक्तित्व है, तो दूसरी तरफ फराह की बेबाक और स्पष्ट शैली। हाल ही में रितेश और फराह ने पंजाब केसरी, नवोदय टाइम्स, जगबाणी और हिंद समाचार की संवाददाता ज्योत्सना रावत से खास बातचीत की इस दौरान उन्होंने कई दिलचस्प खुलासे किए। दोनों ने बताया कि इस बार दर्शकों को पहले से कहीं ज्यादा ड्रामा, इमोशन, मनोरंजन और चौंकाने वाले खुलासे देखने को मिलेंगे।
रितेश देशमुख
सवाल: लॉक अप 2 का हिस्सा बनने के लिए आपको किस बात ने सबसे ज्यादा आकर्षित किया?
जवाब: मुझे हमेशा ऐसे प्रोजेक्ट पसंद आते हैं जिनमें इंसानी भावनाओं को करीब से समझने का मौका मिले। लॉक अप सिर्फ एक रियलिटी शो नहीं है, यह लोगों के व्यक्तित्व की असली परीक्षा है। जब मुझे इस शो का प्रस्ताव मिला तो लगा कि यहां दर्शकों को प्रतियोगियों का एक अलग ही रूप देखने को मिलेगा। यही बात मुझे सबसे ज्यादा अच्छी लगी।
सवाल: आपकी और फराह की होस्टिंग स्टाइल कितनी अलग होगी?
जवाब: मैं ये जरूर कहना चाहूंगा कि आपको यह शो देखकर बहुत मजा आएगा। जहां जरूरत होगी, वहां हम दोनों मिलकर फैसले लेंगे। यही हमारी जोड़ी की सबसे बड़ी ताकत है।

सवाल: क्या इस शो का हर एपिसोड कुछ नया लाएगा?
जवाब: लॉक अप 2 सिर्फ एक रियलिटी शो नहीं है, बल्कि यह लोगों की सच्चाई और उनके व्यक्तित्व की असली परीक्षा है। उन्होंने कहा, 'इस शो में कंटेस्टेंट्स को ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ेगा, जहां उन्हें अपने फैसलों, रिश्तों और सच का सामना करना होगा। दर्शकों को हर एपिसोड में कुछ नया देखने को मिलेगा।'फराह खान
सवाल: आपको इस शो में क्या अलग लगा और हमें इसमें सच, सजा या मजा क्या ज्यादा देखने को मिलेगा?
जवाब: मैंने अपने करियर में बहुत तरह के शो किए हैं, लेकिन लॉक अप का कॉन्सेप्ट बिल्कुल अलग है। यहां लोगों को अपने कम्फर्ट ज़ोन से बाहर निकलना पड़ेगा। मुझे लगता है कि दर्शकों को मनोरंजन के साथ-साथ कई भावनात्मक और अप्रत्याशित पल भी देखने को मिलेंगे। इसमें मनोरंजन का स्तर काफी ऊंचा होने वाला है। सबसे खास बात ये है कि इसमें सच, सजा और मजा सबकुछ देखने को मिलेगा।

सवाल: आप इसमें सख्त जेलर बनेंगी या सॉफ्ट हार्टेड ?
जवाब: मैं चीजों को सीधे और साफ तरीके से कहना पसंद करती हूं इसलिए आप इसमें मेरा वही बेवाक रूप देखेंगे। अगर कोई गलती करेगा तो मैं उसे बताऊंगी भी। दर्शकों को सिर्फ सेलिब्रिटीज का ग्लैमरस रूप नहीं दिखेगा। वे उनकी असली सोच, संघर्ष और भावनात्मक पहलुओं को भी करीब से देख पाएंगे।
सवाल: क्या इस शो में ग्लैमर का तड़का भी देखने को मिलेगा ?
जवाब: दर्शकों को सिर्फ सेलिब्रिटीज का ग्लैमरस रूप ही नहीं दिखेगा। वे उनकी असली सोच, संघर्ष और भावनात्मक पहलुओं को भी करीब से देख पाएंगे। यही इस शो की सबसे बड़ी खासियत है।
बता दें कि राम कपूर, शिवांगी जोशी, पामेला सेरेना और धीरज धूपर जैसे चर्चित नाम कंटेस्टेंट्स की लिस्ट में शामिल हैं। इसके अलावा हर्षद चोपड़ा और सुनीता आहुजा के भी शो में आने की चर्चा है। शो 27 जून 2026 से शुरू होगा।
