जूनियर NTR के परिवार में छाया मातम, सुपरस्टार की बेहद करीबी का हुआ निधन

Wednesday, Aug 20, 2025-10:59 AM (IST)

मुंबई. नंदमुरी परिवार में इस समय शोक का माहौल है, क्योंकि परिवार की वरिष्ठ सदस्य और नंदमुरी जयकृष्ण की पत्नी श्रीमती पद्मजा का मंगलवार तड़के निधन हो गया। वह 73 वर्ष की थीं और पिछले कुछ समय से गंभीर रूप से बीमार चल रही थीं। उनकी तबीयत सोमवार रात अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका।

 
श्रीमती पद्मजा न सिर्फ नंदमुरी परिवार की वरिष्ठ सदस्य थीं, बल्कि वे दो प्रभावशाली तेलुगू परिवारों की कड़ी भी थीं। वह महान एक्टर और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नंदमुरी तारक राम राव (एनटीआर) की बड़ी बहू थीं और एक्टर जुनियर एनटीआर की चाची लगती थी। एनटीआर की पत्नी श्रीमती बसव तारकम की पहली बहू होने के नाते उनका परिवार में विशेष स्थान था।

PunjabKesari

 

इसके अलावा, उनका जन्म भी बड़े परिवार में हुआ था—वे वरिष्ठ राजनीतिज्ञ दग्गुबाती वेंकटेश्वर राव की बहन थीं। इस प्रकार, श्रीमती पद्मजा ने अपना जीवन राजनीति और सिनेमा—दोनों क्षेत्रों से जुड़े परिवारों के बीच एक सेतु की तरह जिया।

 श्रीमती पद्मजा ने न केवल घरेलू जिम्मेदारियों को निभाया, बल्कि अपने परिवार के सदस्यों को सिनेमा और राजनीति जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में भी मजबूती से समर्थन दिया। उनके पति नंदमुरी जयकृष्ण एक फिल्म एक्टर थे, जबकि उनके भतीजे जूनियर एनटीआर आज तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री के नामी चेहरों में गिने जाते हैं।

राजनीति के क्षेत्र में भी उन्होंने परिवार के सदस्यों का पूरा सहयोग किया। वे चंद्रबाबू नायडू की रिश्तेदार भी थीं, जो एनटीआर के दामाद और आंध्र प्रदेश के वर्तमान मुख्यमंत्री हैं।

स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पद्मजा पिछले कुछ महीनों से बीमार थीं और उनका इलाज चल रहा था। सोमवार की रात उन्हें अचानक सांस लेने में गंभीर दिक्कत महसूस हुई। हालात बिगड़ते देख उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और मंगलवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली और इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह गईं।

सीएम चंद्रबाबू नायडू और अन्य हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि

उनके निधन की खबर सामने आते ही तेलुगू राज्यों में शोक की लहर दौड़ गई। जैसे ही यह समाचार मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को मिला, वे तुरंत विजयवाड़ा से रवाना होकर परिवार से मिलने पहुंचे। उनके साथ कई राजनीतिक और फिल्मी हस्तियों के भी अंतिम संस्कार में शामिल होने की उम्मीद है। 


Content Writer

suman prajapati

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News