रिलीज से एक दिन पहले ''धुरंधर 2'' पर चली CBFC की कैंची, घटकर इतना हुआ रनटाइम

Wednesday, Mar 18, 2026-03:02 PM (IST)

मुंबई. साल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के प्रीमियर का इंतजार आखिरकार खत्म होने वाला है। यह फिल्म 19 मार्च को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने को तैयार है। हालांकि, रिलीज से पहले ही फिल्म पर सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) की कैंची चल गई है। हाल ही में CBFC की रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें कई अहम बदलावों का खुलासा हुआ है।

फिल्म को मिला ‘ए’ सर्टिफिकेट, रनटाइम में हुआ बदलाव
रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म को ‘ए’ (एडल्ट) सर्टिफिकेट दिया गया है। भारत में रिलीज होने वाली इस फिल्म का अंतिम रनटाइम 3 घंटे 49 मिनट 36 सेकंड तय किया गया है। दिलचस्प बात यह है कि सेंसर बोर्ड को जो वर्जन दिखाया गया था, वह करीब 3 घंटे 51 मिनट का था। बोर्ड के सुझाव के बाद इसमें लगभग 1 मिनट 30 सेकंड की कटौती की गई है। वहीं, इंटरनेशनल वर्जन का रनटाइम लगभग 3 घंटे 55 मिनट बताया जा रहा है, यानी भारतीय दर्शकों के लिए यह थोड़ा छोटा कर दिया गया है।

 

कट किए गए हिंसा वाले सीन 
CBFC की रिपोर्ट में बताया गया है कि फिल्म में कुल 21 बदलाव सुझाए गए थे, जिनमें से कई बदलाव अत्यधिक हिंसक दृश्यों से जुड़े थे। जिन सीन पर कैंची चली, उनमें आंखों पर हमला, सिर काटने और मारने जैसे दृश्य शामिल थे। खासतौर पर एक सीन, जिसमें सिर काटने और उसे लात मारने का दृश्य था, उसके लगभग 24 सेकंड के हिस्से को पूरी तरह हटा दिया गया है। इसके अलावा, सिर पर भारी वस्तुओं से वार करने वाले कुछ अन्य दृश्य भी हटाए या कम किए गए हैं, ताकि फिल्म को प्रमाणन के मानकों के अनुरूप बनाया जा सके।

 

एडवांस बुकिंग में शानदार प्रदर्शन
बता दें, रिलीज से पहले ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बना ली है। एडवांस बुकिंग के जरिए फिल्म ने 41 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। अगर ब्लॉक सीट्स को भी शामिल किया जाए, तो यह आंकड़ा करीब 46 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।  ।

स्टारकास्ट और रिलीज डिटेल्स
निर्देशक आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह, सारा अर्जुन, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, राकेश बेदी, दानिश पंडोर और यामी गौतम  जैसे कई बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म को हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी बड़े स्तर पर रिलीज किया जा रहा है


Content Writer

suman prajapati

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News