महेश बाबू ने शेयर किया ''राव बहादुर'' का टीज़र, साइकोलॉजिकल ड्रामा की झलक ने जीता दिल
Saturday, Jun 13, 2026-12:35 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। तेलुगु सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल 'राव बहादुर' का नया टीजर आखिरकार रिलीज हो गया है। निर्देशक वेंकटेश महा की इस महत्वाकांक्षी फिल्म में अभिनेता सत्यदेव मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म 3 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है।
पहले लुक से दर्शकों का ध्यान आकर्षित करने के बाद अब मेकर्स ने 'जस्ट अ टीजर' जारी किया है, जिसने फिल्म को लेकर उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। यह झलक दर्शकों को एक ऐसी रहस्यमयी दुनिया में ले जाती है, जहां भय, भ्रम, मतिभ्रम और मनोवैज्ञानिक संघर्ष एक अनोखे सिनेमाई अनुभव का हिस्सा बन जाते हैं।
टीज़र में सत्यदेव एक बहादुर राजकुमार के रूप में नजर आते हैं और उनका प्रभावशाली ट्रांसफॉर्मेशन तुरंत ध्यान खींचता है। भव्य विजुअल्स, शानदार प्रोडक्शन डिजाइन और रहस्य से भरे माहौल के साथ फिल्म एक अलग ही दुनिया का एहसास कराती है। टीज़र यह संकेत देता है कि कहानी में 'शक' सबसे बड़ा दुश्मन है, जो फिल्म को एक गहरे मनोवैज्ञानिक और रहस्यमयी ड्रामा के रूप में स्थापित करता है।
सुपरस्टार महेश बाबू ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर टीजर साझा करते हुए लिखा, "याद रखिए... यह सिर्फ एक टीज़र है! #RaoBahadur के इस असाधारण विजन को पर्दे पर उतारने के लिए मुझे पूरी टीम पर गर्व है। 3 जुलाई को सिनेमाघरों में मिलते हैं।"
Remember... This is JUST A TEASER.!!
— Mahesh Babu (@urstrulyMahesh) June 12, 2026
Really proud of this team for bringing the extraordinary vision of #RaoBahadur to life….👏🏻👏🏻👏🏻
Coming to cinemas on July 3rd..@ActorSatyaDev @mahaisnotanoun @DeepaThomasss @GMBents @SrichakraasEnts @AplusSMovies @Mahayana_MP… pic.twitter.com/qTCCbv5v8r
फिल्म का पहला गाना 'ओ सुंदरी' पहले ही दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो चुका है। मधुर संगीत और खूबसूरत प्रस्तुति से सजा यह रोमांटिक ट्रैक फिल्म की पीरियड सेटिंग और दृश्यात्मक भव्यता को प्रभावशाली ढंग से सामने लाता है। सत्यदेव और दीपा थॉमस की जोड़ी को भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है।
'राव बहादुर' एक ऐसी कहानी पेश करती है, जिसमें मनोवैज्ञानिक ड्रामा और राजसी अतीत की धुंधली यादें एक-दूसरे में घुली हुई दिखाई देती हैं। वेंकटेश महा ने फिल्म में लेखक, निर्देशक और संपादक की जिम्मेदारी संभाली है, जिससे उनके विज़न की स्पष्ट झलक देखने को मिलती है।
फिल्म की तकनीकी टीम भी काफी मजबूत है। कार्तिक परमार ने सिनेमैटोग्राफी का जिम्मा संभाला है, स्मरण साई ने संगीत दिया है, जबकि रोहन सिंह ने इसके भव्य प्रोडक्शन डिजाइन को तैयार किया है।
रहस्य, मनोवैज्ञानिक रोमांच और शाही भव्यता का अनोखा संगम पेश करती 'राव बहादुर' इस साल की सबसे दिलचस्प फिल्मों में से एक बनकर उभर रही है। अब देखना होगा कि 3 जुलाई को रिलीज के बाद यह फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरती है।
