मराठी अभिनेता विजय चव्हाण का लंबी बीमारी के बाद निधन
Friday, Aug 24, 2018-10:57 PM (IST)
मुंबईः मराठी फिल्म अभिनेता विजय चव्हाण का शुक्रवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 63 वर्ष के थे। विजय चव्हाण ने मुलुंड के फोर्टिस अस्पताल में आखिरी सांस ली। विजय चव्हाण बहुमुखी प्रतिभा के धनी अभिनेता थे जिन्होंने नाटकों के साथ-साथ धारावाहिकों और फिल्मों में भी अभिनय किया।
बता दें श्री चव्हाण ने 40 से भी अधिक सालों तक फिल्मों में काम किया और वह फिल्मों में निभाए गए अपने हास्य किरदारों के लिए जिसमें ‘जात्रा‘,‘जापातलेला‘ , ‘पछाड़लेले‘, ‘मुंबईचा डब्बेवाला’ उनके शानदार अभिनय के लिए जाने जाते हैं। श्री विजय चव्हाण को मराठी सिनेमा में उनके योगदान के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उनके द्वारा अभिनीत एक यादगार नाटक ‘मोरुची मावेशी’ जिसमें उन्होंने एक महिला का किरदार निभाया था उनके करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुआ।
चव्हाण ने 400 से भी अधिक मराठी फिल्मों में काम किया और उनके दमदार अभिनय के लिए उन्हें कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। अभी हाल ही में उन्हें राज्य सरकार द्वारा‘छत्रपति वी शांताराम जीवनगौरव’पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।
