मिथुन चक्रवर्ती ने फैंस को समर्पित किया दादा साहब फाल्के पुरस्कार, कहा-इतना बड़ा सम्मान मैं सोच भी नहीं सकता

Monday, Sep 30, 2024-03:38 PM (IST)

बॉलीवुड तड़का टीम. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की कि दिग्गज एक्टर मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहब फाल्के पुरस्कार से नवाजा जाएगा। उन्हें 08 अक्टूबर 2024 को 70वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड सेरेमनी के दौरान इस अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। ऐसे में इस सम्मान कि लिए दिग्गज एक्टर को खूब बधाइयां मिल रही हैं। इसी बीच मिथुन दा ने फैंस के बीच अपनी खुशी जाहिर की है और दादा साहब फाल्के पुरस्कार अपने प्रशंसकों को समर्पित किया है।

 

मिथुन चक्रवर्ती ने दादा साहब फाल्के पुरस्कार के लिये नामित किए जाने पर खुशी व्यक्त की है। उन्होंने यह प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने फैंस को समर्पित करते हुए कहा,'मैं सच बोलूं तो मेरे पास कोई भाषा ही नही है। न मैं हंस सकता हूं और न ही खुशी से रो सकता हूं। ये इतनी बड़ी चीज है, कैसे बताऊं। मैं कोलकाता की जिस जगह से आया हूं, फुटपाथ से उठकर यहां तक आया, उस लड़के को इतना बड़ा सम्मान मैं सोच भी नहीं सकता। मैं यह पुरस्कार अपने परिवार और दुनियाभर के अपने प्रशंसकों को समर्पित कर रहा हूं'। 

हाल ही में पीएम मोदी ने मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर बधाई देते हुए लिखा- मुझे खुशी है कि श्री मिथुन चक्रवर्ती जी को भारतीय सिनेमा में उनके अद्वितीय योगदान को मान्यता देते हुए प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वह एक सांस्कृतिक प्रतीक हैं, जो अपने बहुमुखी प्रदर्शन के लिए पीढ़ियों से प्रशंसित हैं। उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं।


Content Writer

suman prajapati

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News