नीना की समझ से परे है प्यार, 50 की उम्र में शादी करने के सवाल पर बोलीं- ''समाज में रहना है तो कुछ नियम..
Thursday, Feb 19, 2026-02:44 PM (IST)
मुंबई. बॉलीवुड एक्ट्रेस नीना गुप्ता अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ पर्सनल जिंदगी को लेकर भी काफी चर्चा में रही हैं। एक्ट्रेस ने 50 साल की उम्र में चार्टर्ड अकाउंटेंट विवेक मेहरा से शादी करके सबको चौंका दिया था। इससे पहले उन्होंने सिंगल मदर के तौर पर बेटी मसाबा गुप्ता की परवरिश की। एक्ट्रेस अक्सर ही अपनी पर्सनल लाइफ के किस्से फैंस के साथ शेयर करती रहती हैं। वहीं, हाल ही में नीना ने बताया कि जिंदगी का बड़ा हिस्सा अकेले बिताने के बाद उन्होंने अचानक शादी क्यों की।

हाल ही में शुभांकर मिश्रा के एक पॉडकास्ट में जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने प्यार में शादी की थी तो नीना ने साफ कहा कि उन्हें प्यार-व्यार ज्यादा समझ नहीं आता है। उन्हें सिर्फ अपने बच्चे से प्यार समझ आता है। बाकी चीजों को वो उस नजर से नहीं देखती है। उन्होंने ये भी कहा कि इस टॉपिक पर वो आगे चलकर एक और किताब लिख सकती हैं क्योंकि ये सवाल आसान नहीं है।

अगर प्यार नहीं था तो शादी क्यों की, यह पूछे जाने पर नीना ने कहा 'जरूरत थी बहुत।' उनका मानना है कि समाज में रहना है तो उसके कुछ नियम मानने पड़ते हैं। ये बात उन्होंने अपनी गलतियों से सीखी है।

एक्ट्रेस ने ये भी खुलासा किया कि जब वो कहीं बाहर जाती थीं तो लोग उन्हें अजीब नजर से देखते थे, लेकिन शादी के बाद वही नजरें बदल गई है। उन्होंने कहा कि ये बात बोलना अच्छा नहीं लगता है लेकिन सच यही है कि शादी कर लो तो सब ठीक हो जाता है।
बता दें, नीना गुप्ता ने वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर विवियन रिचर्ड्स से बेटी मसाबा गुप्ता का स्वागत किया था। नीना ने बिना शादी के मां बनने का फैसला लिया था और मसाबा को एक सिंगल मदर बनकर पाला। उन्हें जिंदगी में काफी बुरे दौर का भी सामना करना पड़ा। इसी वजह से उनकी पर्सनल लाइफ भी काफी सुर्खियों में रही।
