तड़के सुबह एक्ट्रेस निमिषा नायर के साथ हुई बदसलूकी, फ्लाईओवर में हुआ डरावना मंजर
Thursday, Mar 19, 2026-01:41 PM (IST)
मुंबई. महिलाओं के साथ आए दिन बदसलूकी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। वहीं, हाल ही में एक्ट्रेस निमिषा नायर ऐसी ही घटना का शिकार हो गईं। मुंबई में निमिषा के साथ बदसूलकी की गई और धमकी भी दी गई। इस घटना का खुलासा एक्ट्रेस ने खुद सोशल मीडिया के जरिए किया है।

निमिषा नायर के साथ ये घटना मंगलवार सुबह करीब 4:50 बजे हुई, जब वह बांद्रा ईस्ट के खेरवाड़ी फ्लाईओवर से कैब में जा रही थीं। तभी दो युवक उनकी गाड़ी के सामने आ गए और रास्ता रोकने की कोशिश करने लगे।
शुरू में यह विवाद ओवरटेक करने को लेकर हुआ। फिर उन्होंने अपनी स्कूटी सड़क के बीच खड़ी कर दी। कैब ड्राइवर को गालियां दीं और डराने-धमकाने लगे। उन्होंने गाड़ी के दरवाजे खोलने की कोशिश की और बार-बार खिड़की खोलने को कहा। सुरक्षा के डर से उन्होंने खिड़की नहीं खोली।
निमिषा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर इस घटना के बारे में अपडेट देते हुए लिखा, 'कल मुझे मुंबई पुलिस से कॉल आया। पहले कंट्रोल रूम से, फिर इंचार्ज अधिकारी की ओर से कॉल आया। उन्होंने मुझसे पूरी जानकारी मांगी ताकि जांच आगे बढ़ सकें। मैंने उन्हें सारी जानकारी और सबूत दे दिए।'

उन्होंने आगे लिखा, 'पुलिस चाहती है कि कैब ड्राइवर खुद आकर शिकायत दर्ज करवाए। मैंने उनसे कहा कि आपके पास जो जानकारी है, उसी के आधार पर कम से कम बाइक वालों के खिलाफ कार्रवाई करें। आज सुबह उन्होंने मुझे भरोसा दिया कि वे ऐसा जरूर करेंगे। लेकिन अभी तक किसी कार्रवाई की कोई पक्की खबर नहीं मिली है।'
एक्ट्रेस ने बताया कि इसी साल कोलाबा में भी उनके साथ ऐसी ही एक घटना हो चुकी है। उस समय उन्होंने पुलिस में एफआईआर भी दर्ज कराई थी। इस नई घटना के बाद उन्होंने शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन व्यस्त शेड्यूल और ऑनलाइन सिस्टम में तकनीकी दिक्कतों के कारण परेशानी हुई।
