कैसे स्वीकार करूं..सेलिब्रिटी हेयर स्टाइलिस्ट मार्से पेड्रोजो के निधन से टूटीं नोरा, तारा सुतारिया बोलीं- कभी नहीं भूलूंगी
Monday, Mar 16, 2026-01:20 PM (IST)
मुंबई. फेमस सेलिब्रिटी हेयर स्टाइलिस्ट मार्से पेड्रोजो अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनके निधन की खबर से फिल्म स्टार्स को बड़ा धक्का लगा है। नोरा फतेही से लेकर वरुण धवन तक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए अपना दुख जाहिर किया है। सेलेब्स के पोस्ट सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं।

नोरा फतेही ने किया पोस्ट
एक्ट्रेस नोरा फतेही ने मार्से को अपना भाई और करीबी दोस्त बताते हुए लिखा, ‘आज मैंने एक बहुत ही प्यारे दोस्त को खो दिया है। वह मेरे लिए भाई और भरोसेमंद दोस्त जैसे थे। वह मेरी जिंदगी के सफर की शुरुआत से हिस्सा रहे। आप सभी ने हमारे रिश्ते को देखा है। वह हमेशा मेरी पर्सनैलिटी का सबसे अच्छा रूप बाहर लाते थे। जब भी आप उन्हें मेरे साथ देखते थे, मैं हमेशा हंसती और मुस्कुराती नजर आती थी। हम लगभग हर चीज साथ करते थे।’

नोरा ने आगे लिखा, ‘मैंने पहले कभी किसी दोस्त को नहीं खोया। समझ नहीं आ रहा कि इसे कैसे स्वीकार करूं। आप सभी से निवेदन है कि आज उनके लिए दुआ करें। अब मार्से पेड्रोजो हमारे बीच नहीं रहे। उनका निधन हो गया है और मेरा दिल टूट गया है। मैं पूरी तरह से टूट चुकी हूं।’

वरुण धवन का पोस्ट
वरुण धवन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर मार्से पेड्रोजो के साथ एक फोटो शेयर करते हुए लिखा, ‘आपकी आत्मा को शांति मिले दोस्त। यकीन नहीं हो रहा है। ऐसा लग रहा है जैसे हम कुछ समय पहले ही साथ शूट कर रहे थे। वह बहुत ही प्यारे इंसान और बेहद साफ दिल के थे।’

तारा सुतारिया ने भी जाहिर किया दर्द
एक्ट्रेस तारा सुतारिया ने भी अपनी इंस्टा स्टोरी पर उनकी पुरानी पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ‘शांति से आराम करो, प्यारे मार्सेलो। यह जानकर मेरा दिल दुखी है कि अब आप हमारे बीच नहीं रहे। हमने करीब दस साल साथ काम किया और आप हमेशा सेट पर सबसे चमकदार इंसान होते थे। मुझे आज भी याद है जब हम पहली बार मिले थे। वह मेरा पहला फोटोशूट था और मैं सिर्फ 20 साल की थी और बहुत शर्मीली भी।’
तारा ने आगे लिखा, ‘मैं कभी नहीं भूलूंगी कि आपने मुझे कितना अच्छा महसूस कराया और कितना खूबसूरत भी। आपकी मिठास, आपका हुनर और वो सारी हंसी के पल के लिए धन्यवाद। उम्मीद है आसमान भी आपकी कला के रंगों से भर जाएगा। आपकी एनर्जी हमेशा हमारे साथ रहेगी।’
बता दें मार्से पेड्रोजो कई बड़े सेलिब्रेटीज के साथ काम कर चुके थे। बॉलीवुड इंडस्ट्री से उन्होंने जाह्नवी कपूर, खुशी कपूर, जैकलीन फर्नांडिस, मलाइका अरोड़ा, तृप्ति डिमरी, सुहाना खान और भूमि पेडनेकर जैसे सेलेब्स के साथ काम किया।
