हंसी, संघर्ष और ग्रामीण राजनीति का नया अध्याय, ‘ग्राम चिकित्सालय 2’ का ट्रेलर आउट
Friday, Jun 12, 2026-04:27 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। प्राइम वीडियो ने अपनी लोकप्रिय कॉमेडी-ड्रामा सीरीज़ ‘ग्राम चिकित्सालय’ के दूसरे सीज़न का ट्रेलर जारी कर दिया है। ट्रेलर में एक बार फिर डॉ. प्रभात की कहानी को आगे बढ़ाते हुए ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की चुनौतियों, स्थानीय राजनीति और सामाजिक जटिलताओं को हास्य और भावनात्मक अंदाज़ में प्रस्तुत किया गया है।
द वायरल फीवर (टीवीएफ) द्वारा निर्मित और ललितम तिवारी के निर्देशन में बनी इस सीरीज़ की कहानी वैभव सुमन और श्रेया श्रीवास्तव ने लिखी है। दीपक कुमार मिश्रा और अरुणाभ कुमार इसके निर्माता हैं। नया सीज़न 23 जून को भारत समेत दुनिया भर के 240 देशों और क्षेत्रों में हिंदी भाषा में प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम किया जाएगा।
ट्रेलर में दिखाया गया है कि डॉ. प्रभात भठकंडी के जर्जर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को फिर से व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के अपने मिशन में जुटे हुए हैं। जब उन्हें लगता है कि अब गांव के लोग उनका समर्थन करने लगे हैं, तभी उनके सामने नई चुनौतियां खड़ी हो जाती हैं। अस्पताल को ‘आदर्श पीएचसी’ का दर्जा दिलाने की कोशिश में जुटे डॉ. प्रभात को जल्द ही एहसास होता है कि हर समस्या का समाधान केवल चिकित्सा या प्रशासनिक सुधारों से संभव नहीं है।
गांव वालों की सोच, स्थानीय राजनीतिक समीकरण, आपसी अविश्वास और संसाधनों की कमी के बीच डॉ. प्रभात का संघर्ष इस सीज़न की मुख्य कहानी बनकर उभरता है। ट्रेलर संकेत देता है कि इस बार कहानी में हास्य के साथ-साथ कई भावनात्मक और सामाजिक पहलुओं को भी प्रमुखता से दिखाया जाएगा।
सीरीज़ में अमोल पाराशर एक बार फिर डॉ. प्रभात की भूमिका में नज़र आएंगे। उनके साथ आकाश मखीजा, आनंदेश्वर द्विवेदी, विनय पाठक, आकांक्षा रंजन कपूर और गरिमा विक्रांत सिंह भी अपने-अपने किरदारों को दोहराते दिखाई देंगे। वहीं भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ इस सीज़न में एक महत्वपूर्ण भूमिका के साथ जुड़ रहे हैं।
अपने किरदार के बारे में बात करते हुए अमोल पाराशर ने कहा कि दूसरे सीज़न में डॉ. प्रभात का सफर अप्रत्याशित मोड़ों से भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि शो की सबसे बड़ी खूबी यह है कि यह ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी गंभीर समस्याओं को मनोरंजक और संवेदनशील तरीके से दर्शकों के सामने प्रस्तुत करता है।
विनय पाठक ने कहा कि ‘ग्राम चिकित्सालय’ आम लोगों और ग्रामीण भारत की वास्तविक कहानियों को बेहद सहज और दिलचस्प अंदाज़ में पेश करता है। उनके अनुसार नए सीज़न में रिश्ते और गहरे होंगे, चुनौतियां और कठिन होंगी तथा दर्शकों को पहले से अधिक मनोरंजन मिलेगा।
आकांक्षा रंजन कपूर ने बताया कि इस बार कहानी ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं, राजनीति और आम लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं को एक नए दृष्टिकोण से दिखाएगी। उन्होंने कहा कि उनका किरदार व्यावहारिक सोच रखने वाला है और परिस्थितियों के अनुसार फैसले लेना जानता है।
वहीं दिनेश लाल यादव ने कहा कि उन्हें पहले सीज़न की सादगी और यथार्थवादी प्रस्तुति बेहद पसंद आई थी। उनके अनुसार यह सीरीज़ वास्तविक समस्याओं को हल्के-फुल्के अंदाज़ में पेश करते हुए दर्शकों को हंसाने के साथ सोचने पर भी मजबूर करती है।
‘ग्राम चिकित्सालय’ सीज़न 2 इस वर्ष प्राइम डे के विशेष मनोरंजन कार्यक्रमों का भी हिस्सा होगा। जुलाई में आयोजित होने वाले अमेज़न प्राइम डे के दसवें संस्करण के दौरान दर्शकों को कई नई रिलीज़ और विशेष कंटेंट देखने को मिलेगा।
