30,000 करोड़ की जंग! संजय कपूर की विरासत पर सास-बहू आमने-सामने, प्रिया ने सासू को फैमिली ट्रस्‍ट से किया बेदखल

Thursday, Mar 26, 2026-11:15 AM (IST)

मुंबई. एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति और बिजनेसमैन संजय कपूर के निधन के बाद उनका परिवार एक बड़े कानूनी विवाद में उलझ गया है। यह मामला करीब 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति से जुड़े आरके फैमिली ट्रस्ट को लेकर है, जिसमें उनकी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर, मां रानी कपूर, बहन मंधिरा कपूर स्मिथ और बच्चों के बीच मतभेद सामने आए हैं।

ट्रस्ट को लेकर बढ़ा विवाद

संजय कपूर के निधन के बाद ट्रस्ट के नियंत्रण और प्रबंधन को लेकर परिवार में टकराव गहरा गया है। इसी बीच प्रिया सचदेव कपूर, जो ट्रस्ट की न्यासी (ट्रस्टी) और लाभार्थी दोनों हैं, ने रानी कपूर को उनके पद से हटाने का औपचारिक नोटिस जारी किया है। यह नोटिस 24 मार्च 2026 को जारी किया गया, जिसमें 25 मार्च से रानी कपूर को ट्रस्टी पद से हटाने की बात कही गई है।

 

प्रिया सचदेव ने जताई आपत्ति

नोटिस में प्रिया ने आरोप लगाया है कि रानी कपूर की कुछ गतिविधियां ट्रस्ट के नियमों और भारतीय ट्रस्ट अधिनियम, 1882 के खिलाफ हैं। उनका कहना है कि ये कदम ट्रस्ट के लाभार्थियों के हितों के अनुरूप नहीं हैं।
उन्होंने ट्रस्ट डीड के एक प्रावधान का हवाला देते हुए साफ किया कि उन्होंने रानी कपूर को ट्रस्टी पद से औपचारिक रूप से हटाने की सूचना दी है। नोटिस में कहा गया है कि 25 मार्च, 2026 के बाद रानी कपूर को ट्रस्ट का प्रतिनिधित्व करने या उनकी संपत्ति, दस्तावेजों या मामलों से निपटने का कोई अधिकार नहीं होगा। इसमें यह भी कहा गया है कि इस तारीख के बाद ट्रस्ट के नाम पर की गई कोई भी कार्रवाई अमान्य मानी जाएगी और अनुपालन न करने की स्थिति में कानूनी उपाय उपलब्ध होंगे।


रानी कपूर की कानूनी चुनौती

दूसरी ओर, रानी कपूर ने भी इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने ट्रस्ट की वैधता को चुनौती देते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की है और ट्रस्ट से जुड़ी संपत्तियों पर राहत की मांग की है।

यह पूरा विवाद तब और बढ़ गया जब दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के फैसलों पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।

ट्रस्ट की पृष्ठभूमि

आरके फैमिली ट्रस्ट की स्थापना साल 2017 में एक निजी और अपरिवर्तनीय ट्रस्ट के रूप में की गई थी। उस समय संजय कपूर इसके एकमात्र लाभार्थी थे। जून 2025 में उनके निधन के बाद ट्रस्ट के लाभकारी अधिकार उनके बच्चों—समायरा कपूर, कियान कपूर और अजरियास सूरी कपूर—को स्थानांतरित कर दिए गए।

परिवार के बीच बढ़ता तनाव

यह मामला अब सास-बहू के विवाद का रूप ले चुका है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे के फैसलों पर आपत्ति जता रहे हैं। इस कानूनी लड़ाई ने पूरे परिवार को दो हिस्सों में बांट दिया है और मामला अदालत तक पहुंच चुका है।
 


Content Writer

suman prajapati

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News