मरमेड थीम पर प्रियंका ने मनाया अपनी प्रिंसेस मालती का बर्थडे, पापा निक ने पूल फोटोज शेयर कर जताया आभार
Friday, Jan 16, 2026-03:38 PM (IST)
मुंबई. प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनस चार साल की हो गई है। 15 जनवरी को मालती ने अपना चौथा बर्थडे सेलिब्रेट किया। इस मौके पर प्रियंका और निक अपनी लाडली पर खब प्यार बरसाते नजर आए। वहीं, खास अवसर पर प्रियंका ने मरमेड यानी जलपरी थीम पर पार्टी रखी, जो डिज्नी की मशहूर प्रिंसेस एरियल से प्रेरित था। अपनी लाडली के बर्थडे सेलिब्रेशन की खूबसूरत झलकियां पीसी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की हैं।

प्रियंका द्वारा शेयर की गई तस्वीरों में पार्टी की सजावट बेहद आकर्षक नजर आई। अंडरवॉटर वर्ल्ड जैसा माहौल तैयार किया गया था, जिसमें चमकदार मरमेड स्केल्स, समुद्री जाल, सीपियां और मछलियों के आकार की कुकीज़ शामिल थीं। जन्मदिन का केक भी एरियल थीम पर डिजाइन किया गया था, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया।

एक तस्वीर पर लिखा था, “मालती का चौथा जन्मदिन”, जबकि दूसरी तस्वीर में प्रियंका ने कैप्शन दिया, “वह अब 4 साल की हो गई है” और निक जोनस को टैग भी किया।
बेटी के लिए निक जोनस का पोस्ट
निक जोनस ने अपनी प्रिंसेस के बर्थडे पर अपने इंस्टाग्राम पर वेकेशन की कई शानदार तस्वीरें शेयर कीं, जिसमें तीनों पूल में मजे करते नजर आते तो किसी में जंक फूड के साथ सेलिब्रेशन करते दिखे। शानदार तस्वीरों को शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'स्वर्ग जैसी इस खूबसूरत जगह पर परिवार के साथ बिताए पलों के लिए बहुत आभारी हूं।'
नानी मधु चोपड़ा का पोस्ट
मालती की नानी और प्रियंका की मां मधु चोपड़ा ने भी अपनी नातिन के लिए बेहद प्यारा पोस्ट शेयर किया। उन्होंने कुछ खास और पहले न देखी गई तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें मालती नानी के साथ घूमती और खेलती नजर आ रही हैं। मधु ने भावुक शब्दों में लिखा, “तुमने मुझे नानी बनाया और मेरी जिंदगी को जादू से भर दिया। जन्मदिन मुबारक हो, मेरी परी।” यह पोस्ट फैंस को खूब पसंद आ रहा है।
सरोगेसी के जरिए पेरेंट्स बने थे निकयांका
प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस ने दिसंबर 2018 में पहले क्रिश्चियन और फिर हिंदू रीति-रिवाजों से शादी की थी। जनवरी 2022 में उन्होंने सरोगेसी के जरिए बेटी मालती मैरी का स्वागत किया। प्रियंका अक्सर अपनी बेटी के साथ बिताए गए खूबसूरत और मजेदार पल सोशल मीडिया पर शेयर करती रहती हैं।
