''लोग छुट्टियां मनाने गए थे और हमले का शिकार हो गए..पहलगाम अटैक पर विदेश बैठीं प्रियंका चोपड़ा का खौला खून
Wednesday, Apr 23, 2025-05:25 PM (IST)

मुंबई. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने देशभर को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस आतंकी हमले में कई निर्दोष लोगों की जान चली गई, जिससे पूरा देश शोक और आक्रोश में डूबा हुआ है। आम लोगों के साथ-साथ कई जानी-मानी हस्तियों ने भी इस हमले की कड़ी निंदा की और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसी बीच अब हाल ही में विदेश बैठीं एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा ने इस हमले पर रिएक्ट किया है।
प्रियंका ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “पहलगाम में जो हुआ वह बहुत गलत है। लोग वहां छुट्टियां मनाने, हनीमून पर या अपने परिवार के साथ जश्न मनाने गए थे। वे बस कश्मीर की सुंदरता का आनंद ले रहे थे। लेकिन कई बेगुनाह लोग उस खतरनाक हमले का शिकार हो गए, जो उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था। उन्हें उनके परिवार के सामने निशाना बनाया गया।”
प्रियंका ने आगे लिखा, “यह हमला मानवता को झकझोर कर रख देगा। यह हमें लंबे समय तक परेशान करेगा। जो लोग दुख में हैं,मेरी प्रार्थनाएँ उनके साथ हैं। मैं इस घटना से बहुत दुखी हूं।”
बता दें, पहलगाम में हमला मंगलवार दोपहर 3 बजे के करीब हुआ, जब आतंकवादियों ने बैसरन इलाके में बेगुनाह लोगों पर गोलियां चला दीं। इस हमले में 28 लोग मारे गए और 20 से अधिक लोग घायल हो गए। इस हमले पर अब तक शाहरुख खान, सलमान खान और अक्षय कुमार जैसे कई सेलेब्स अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं।