''हमारे परिवार की परी..भाभी नीलम के बर्थडे पर प्रियंका चोपड़ा ने किया खास पोस्ट, तस्वीरों में झलकी ननद-भाभी की खूबसूरत बॉन्डिंग
Monday, Oct 06, 2025-02:20 PM (IST)

मुंबई. ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा ने अपनी भाभी नीलम उपाध्याय के बर्थडे को बेहद खास अंदाज में सेलिब्रेट किया। प्रियंका ने सोशल मीडिया पर नीलम के साथ बिताए खूबसूरत पलों की तस्वीरें और वीडियोज शेयर किए, जो सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गए। फैंस भी ननद-भाभी की इन तस्वीरों पर खूब प्यार लुटा रहे हैं।
प्रियंका ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें नीलम, सिद्धार्थ चोपड़ा और परिवार की कई यादगार झलकियां नजर आईं। इस वीडियो में नीलम और सिद्धार्थ की शादी की कुछ अनदेखी तस्वीरें भी थीं। वीडियो की शुरुआत प्रियंका और उनके भाई सिद्धार्थ की रिसेप्शन पार्टी की एक तस्वीर से हुई, जिसके बाद एक और फोटो में निक जोनास भी दिखाई दिए।
इसके अलावा, प्रियंका ने नीलम और अपनी बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनास की एक कैंडिड तस्वीर भी शेयर की, जिसमें दोनों बेहद प्यारी लग रही थीं। तस्वीरों को शेयर करते हुए प्रियंका ने लिखा- “हमारे परिवार की परी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। हमेशा खुश रहो और यूं ही मुस्कुराती रहो।”
इस पोस्ट को री-शेयर करते हुए नीलम ने लिखा- “सबसे अच्छी ननद, लव यू!” प्रियंका ने अपनी भाभी को “एंजेल ऑफ द फैमिली” का प्यारा टैग भी दिया।
इसी साल हुई थी सिद्धार्थ और नीलम की ग्रैंड वेडिंग
सिद्धार्थ चोपड़ा और नीलम उपाध्याय की शादी इसी साल की शुरुआत में पंजाबी रीति-रिवाजों से हुई थी। इस मौके पर प्रियंका चोपड़ा अपने पति निक जोनास और बेटी मालती के साथ भारत आई थीं। शादी में बैंड-बाजा-बारात के साथ पूरा चोपड़ा परिवार जमकर नाचा था।
प्रियंका चोपड़ा के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स
वर्कफ्रंट की बात करें तो प्रियंका हाल ही में ‘हेड्स ऑफ स्टेट’ (Heads of State) में इदरीस एल्बा और जॉन सीना के साथ नजर आई थीं। अब वह अपनी हिट वेब सीरीज ‘सिटाडेल’ के दूसरे सीजन में दिखेंगी। इसके अलावा, प्रियंका ‘द ब्लफ’ में 19वीं सदी की एक कैरिबियन समुद्री डाकू की भूमिका निभाने वाली हैं। साथ ही वह एस.एस. राजामौली की अपकमिंग फिल्म ‘ग्लोबट्रॉटर’ में महेश बाबू के साथ नजर आएंगी।