''द ग्रेट इंडियन कपिल शो'' में शिरकत करेंगी प्रियंका चोपड़ा! इंस्टा स्टोरी शेयर कर लिखा- ''कपिल शर्मा तुम तैयार रहो''
Wednesday, Dec 10, 2025-04:48 PM (IST)
मुंबई. एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा इन दिनों साउथ फिल्मों के जानेमाने फिल्मकार एसएस राजामौली की आने वाली फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच प्रियंका ने अपने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर की है, जिसमें उन्होंने कपिल शर्मा को मेंशन किया है। उनकी यह स्टोरी देखने के बाद कहा जा रहा है कि प्रियंका टीवी शो द ग्रेट इंडियन कपिल शो सीजन 4 में शिरकत करती नजर आ सकती हैं।

प्रियंका चोपड़ा ने स्टोरी में फ्लाइट से अपनी तस्वीर शेयर की है। इसमें वो दो उंगलियां दिखाती हुई नजर आ रही हैं। इस तस्वीर को शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, ‘कपिल शर्मा बेहतर होगा तुम तैयार रहो।’ इसके साथ ही प्रियंका ने द ग्रेट इंडियन कपिल शो को भी टैग किया है और हैशटैग में मुंबई लिखा है।

प्रियंका की इस स्टोरी के बाद कयास लगाये जा रहे हैं वह जल्द ही कपिल शर्मा के शो के नए सीजन में नजर आएंगी।
इसके अलावा प्रियंका ने एक और स्टोरी भी शेयर की है। यह स्टोरी मुंबई पहुंचने के बाद की है, जिसमें प्रियंका कार में बैठी हुई हैं। इसमें वह मुंबई एयरपोर्ट से बाहर निकलते हुए ग्रे रंग के आउटफिट, ब्लैक जैकेट और चश्मे में नजर आ रही हैं। इस स्टोरी के कैप्शन में उन्होंने लिखा है, ‘मुंबई मेरी जान’।
बता दें, ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का चौथा सीजन 20 दिसंबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा।
