पंजाब बाढ़: दिलजीत दोसांझ-गुरु रंधावा के बाद अब एमी विर्क ने बढ़ाया मदद का हाथ, 200 प्रभावित घरों को लिया गोद
Tuesday, Sep 02, 2025-09:03 AM (IST)

मुंबई: पंजाब इन दिनों भीषण बाढ़ की मार झेल रहा है। नदियों के उफान और लगातार बारिश ने कई जिलों के हालात बिगाड़ दिए हैं। सैकड़ों गांव पानी में डूब चुके हैं। लोगों के घर उजड़ गए हैं, फसलें तबाह और जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है।
इस मुश्किल घड़ी में जहां सरकार और राहत टीमें काम कर रही हैं। वहीं पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के स्टार्स भी लोगों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं।पंजाबी एक्टर और गायक एमी विर्क ने इंस्टाग्राम पर बाढ़ प्रभावितों के लिए एक पोस्ट लिखी और मदद की पेशकश की। उन्होंने 200 घरों को गोद लेने का ऐलान किया है।
एमी विर्क ने पोस्ट में लिखा- 'पंजाब में बाढ़ से हुई तबाही देखकर दिल दुखता है। अपने लोगों को बिना छत के देखकर मैं पूरी तरह टूट गया हूं। उन्हें राहत देने के लिए एक छोटा सा प्रयास करने जा रहा हूं। हमारी टीम 200 घरों को गोद ले रही है, जिन्होंने अपना सब कुछ खो दिया है।'
इससे पहले लोकप्रिय पंजाबी सिंगर गुरू रंधावा पहले ही बाढ़ग्रस्त लोगों की मदद कर रहे हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'पंजाब और बाढ़ से प्रभावित सभी राज्यों के लिए प्रार्थना। आइए हम हरसंभव मदद करें। मैं अपने इलाके डेरा बाबा नानक और अपने गांव धारोवाली के पास सहायता शिविर लगा रहा हूं।'