महिला सफाई कर्मचारी की ईमानदारी से इम्प्रेस हुए रजनीकांत, घर बुलाकर सोने की चेन से किया सम्मानित
Thursday, Feb 05, 2026-12:16 PM (IST)
मुंबई. सुपरस्टार रजनीकांत अपने शानदार अभिनय के साथ साथ अपने बड़प्पन और दरियादिली से भी हमेशा फैंस का दिल जीतते हैं। हाल ही में रजनीकांत ने एक महिला सफाई कर्मचारी को अपने घर बुलाकर सोने की चेन से सम्मानित किया। इस पल की तस्वीरें जैसे ही सोशल मीडिया पर सामने आई तो वो तुरंत वायरल हो गईं। वहीं, फैंस रजनीकांत की इस दरियादिली की खूब तारीफ करते नजर आ रहे हैं।

हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें वह एक महिला सफाई कर्मचारी को सम्मानित करते नजर आ रहे हैं।

दरअसल, हाल ही में पद्मा नाम की महिला कर्मचारी, जो चेन्नई के टी नगर इलाके में काम करती हैं। ड्यूटी के दौरान उन्हें एक लावारिस पाउच मिला, जिसमें 45 सॉवरेन (करीब 360 ग्राम) सोने के आभूषण थे। इन गहनों को पद्मा ने अपने पास रखने के बजाय तुरंत पुलिस स्टेशन में जमा करा दिया, जिसके बाद पुलिस ने जांच कर गहनों को उनके असली मालिक तक पहुंचा दिया। जब इस बात की खबर रजनीकांत को लगी, तो वे पद्मा की ईमानदारी से काफी इम्प्रेस हुए। उन्होंने उस महिला को अपने चेन्नई स्थित घर पर आमंत्रित कर सोने की चेन से उन्हें सम्मानित किया। इन तस्वीरों को देख फैंस रजनीकांत की खूब सराहना कर रहे हैं।

रजनीकांत ही नहीं, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने भी पद्मा को घर बुलाकर सम्मानित किया और इनाम के तौर पर एक लाख रुपए का चेक दिया।
थलाइवा पहले भी कर चुके हैं सम्मानित
बता दें, यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी रजनीकांत अपने एक जबरा फैन रजनी शेखर को भी खास तोहफा दे चुके हैं। मदुरै निवासी रजनी शेखर जरूरतमंद लोगों को मात्र 5 रुपए में परोटा डिश खिलाते हैं। उनकी इस सेवा से प्रभावित होकर रजनीकांत ने उन्हें भी सोने की चेन गिफ्ट की थी।
वर्कफ्रंट पर रजनीकांत
काम की बात करें तो रजनीकांत जल्द ही फिल्म जेलर 2 में नजर आएंगे। इसमें उनके साथ विजय सेतुपति, मिथुन चक्रवर्ती और शाहरुख खान भी कैमियो रोल में दिखेंगे। फिल्म का नेल्सन डायरेक्ट कर रहे हैं।
