''कई जन्म भी लूं, तो भी उनका कर्ज नहीं चुका पाऊंगा..जेल से बाहर आने के बाद पत्नी को लेकर बोले राजपाल यादव
Sunday, Feb 22, 2026-01:41 PM (IST)
मुंबई. एक्टर राजपाल यादव इन दिनों 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में अंतरिम जमानत पर बाहर हैं। वो अपनी भतीजी की शादी के लिए जमानत पर बाहर आए थे और इस मामले में अगली सुनवाई 18 मार्च को होनी हुई। वहीं, जमानत पर बाहर आए राजपाल यादव इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं और हाल ही में उन्होंने बुरे वक्त में हरदम साथ देने के लिए पत्नी राधा का आभार व्यक्त किया और इमोशनल भी हो गए।

हाल ही में मीडिया से बात करते हुए राजपाल यादव ने अपनी पत्नी राधा यादव के बारे में कहा, “अगर मैं कई बार जन्म भी ले लूं, तो भी मैं उनका कर्ज या उन्होंने मेरे लिए जो किया है उसका एहसान नहीं चुका पाऊंगा। उन्होंने पूरे परिवार को एकजुट रखा है और हर मुश्किल में मेरा साथ दिया है।”

चेक बाउंस मामले के बारे में राजपाल ने कहा, “मामला अदालत में विचाराधीन है, इसलिए मैं अभी ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा। जल्द ही, मैं अपनी लीगल टीम के साथ, सभी सबूतों और तथ्यों के साथ मीडिया के सामने अपना पूरा पक्ष रखूंगा।”
बता दें, राजपाल यादव ने साल 2010 में अपनी पहली निर्देशित फिल्म 'अता पता लापता' के लिए दिल्ली स्थित मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही और वो कर्ज नहीं चुका पाए। बाद में जारी किए गए सात चेक बाउंस हो गए और एक्टर 9 करोड़ के कर्जदार हो गए। इसी मामले में उन्हें जेल जाने की नौबत भी आई। वहीं, अब इस मामले की अगली सुनवाई 18 मार्च को होगी।
