चेक बाउंस केस में राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में किया सरेंडर, कोर्ट के आदेश के बावजूद एक दिन की देरी
Friday, Feb 06, 2026-09:26 AM (IST)
मुंबई. बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव को लेकर गुरुवार को बड़ी खबर सामने आई है। चेक बाउंस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद राजपाल यादव ने गुरुवार शाम करीब 4 बजे तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया। जेल सूत्रों के अनुसार, कोर्ट से किसी भी तरह की राहत न मिलने के बाद उन्होंने जेल अधिकारियों के सामने सरेंडर किया।
कोर्ट के आदेश के बावजूद एक दिन की देरी
दिल्ली हाईकोर्ट ने राजपाल यादव को बुधवार शाम 4 बजे तक सरेंडर करने का निर्देश दिया था। हालांकि, वह तय समय पर जेल में पेश नहीं हुए। इससे पहले उन्होंने कोर्ट को बताया था कि वह मुंबई में हैं, जिसके चलते अदालत ने उन्हें दो दिन का अतिरिक्त समय दिया था। लेकिन इसके बाद भी सरेंडर न करने पर कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया।

हाईकोर्ट ने क्यों खारिज की याचिका
राजपाल यादव ने अदालत में याचिका दाखिल कर जेल अधिकारियों के सामने सरेंडर करने के लिए और समय मांगा था। यह मामला चेक बाउंस से जुड़ा है, जिसमें उन्हें साल 2024 में दोषी ठहराया गया था और सजा सुनाई गई थी। जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की बेंच ने याचिका खारिज करते हुए कहा कि पहले ही पर्याप्त समय दिया जा चुका है और अब नरमी दिखाने का कोई आधार नहीं बचता।
वकील ने दी भुगतान की दलील
सुनवाई के दौरान राजपाल यादव के वकील ने कोर्ट को बताया कि अगर उन्हें एक हफ्ते का समय मिल जाए तो वह बकाया राशि का भुगतान कर सकते हैं। वकील ने दावा किया कि एक्टर ने 50 लाख रुपये का इंतजाम कर लिया है और इसके सबूत भी मौजूद हैं। साथ ही कहा गया कि राशि का भुगतान न हो पाने की स्थिति में राजपाल यादव आत्मसमर्पण के लिए तैयार हैं। हालांकि, कोर्ट ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया।

2.5 करोड़ रुपये के था भुगतान का वादा
मामले में यह भी सामने आया है कि राजपाल यादव ने कुल 2.5 करोड़ रुपये चुकाने का आश्वासन दिया था। इसमें 40 लाख रुपये और 2.10 करोड़ रुपये की किश्तें शामिल थीं। लेकिन तय समय सीमा के बावजूद कोई भी रकम जमा नहीं की गई, जिसके बाद कोर्ट ने सख्त कदम उठाया।
वर्क फ्रंट पर व्यस्त हैं राजपाल यादव
कानूनी परेशानियों के बीच राजपाल यादव का करियर फिलहाल सक्रिय है। वह जल्द ही फिल्मों ‘भूत बंगला’ और ‘वेलकम टू द जंगल’ में नजर आने वाले हैं। दोनों ही प्रोजेक्ट्स की शूटिंग इस समय जारी है।
