रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा छोटी फैन को घर बुलाकर खिलाए लड्डू, वादा पूरा कर जीता दिल
Sunday, Mar 22, 2026-02:44 PM (IST)
मुंबई. साउथ कपल रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडाने एक बार फिर साबित कर दिया कि वे अपने फैंस से बेहद प्यार करते हैं और उन्हें कभी निराश नहीं देखना चाहते। हाल ही में रश्मिका और विजय ने अपनी एक नन्हीं फैन के लिए जो किया, उसने सबका दिल जीत लिया।
छोटी फैन का सपना हुआ पूरा
दरअसल, एक नन्ही बच्ची इस कपल की शादी में शामिल होना चाहती थी। जब उसे निमंत्रण नहीं मिला, तो उसने मासूमियत से एक वीडियो बनाकर अपनी शिकायत जाहिर की। इस वीडियो में बच्ची ने मजाकिया अंदाज में कहा कि सभी को शादी में लड्डू और खाना मिल रहा है, लेकिन उसे क्यों नहीं बुलाया गया। उसने यह भी पूछा कि क्या वह उनकी फैन नहीं है।बच्ची की यह क्यूट शिकायत सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और सीधे विजय देवरकोंडा तक पहुंची।
सितारों ने निभाया अपना वादा
वीडियो देखने के बाद विजय ने बच्ची को अपने घर बुलाने का वादा किया था। वहीं रश्मिका ने भी उसे एक खास गिफ्ट देने की बात कही थी। अब इस कपल ने अपना वादा पूरा कर दिखाया है।
हैदराबाद में दोनों ने बच्ची को उसके परिवार के साथ अपने घर बुलाया। वहां का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें इस मुलाकात की झलक साफ देखी जा सकती है।
प्यार भरे पलों ने जीता दिल
वीडियो में नजर आता है कि विजय बच्ची को गोद में उठाकर घर के अंदर ले जाते हैं। इस दौरान बच्ची उनसे सवाल करती है कि उसे शादी में क्यों नहीं बुलाया गया। वहीं रश्मिका उसे बड़े प्यार से लड्डू खिलाती हैं और उसके गाल पर किस करती हैं। विजय भी उसे अपने हाथों से खाना खिलाते दिखते हैं। बच्ची की मासूमियत उस वक्त और झलकती है, जब वह कहती है, “हम भी दोस्त हैं ना?” इस पर दोनों मुस्कुराते हैं और उसे ढेर सारा प्यार देते हैं।
परिवार ने जताई खुशी
बच्ची ने इस मुलाकात के बाद अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह अब बहुत खुश है। उसके परिवार ने भी बताया कि उन्हें वहां इतना अपनापन मिला कि जैसे वे अपने ही घर में हों।
बता दें, रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने 26 फरवरी को शादी रचाई थी और उसके बाद 4 मार्च को ग्रैंड वेडिंग रिसेप्शन दिया था। कपल की शादी और वेडिंग पार्टी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी।
