प्री-इंडिपेंडेंस दौर पर आधारित फिल्म की तैयारी में व्यस्त सई मांजरेकर, बोलीं-यह प्रोजेक्ट मेरे लिए अब तक का सबसे चुनौतीपूर्ण..

Friday, Mar 20, 2026-11:51 AM (IST)

मुंबई. दिग्गज एक्टर महेश मांजरेकर की बेटी व बॉलीवुड एक्ट्रेस सई एम. मांजरेकर जल्द ही एक ऐसी दुनिया में कदम रखने जा रही हैं, जो आज के समय से बिल्कुल अलग है। वह इन दिनों प्री-इंडिपेंडेंस दौर पर आधारित पीरियड ड्रामा की तैयारी कर रही हैं। यह प्रोजेक्ट उनके लिए एक बड़ा बदलाव है। सई का कहना है कि इस फिल्म की तैयारी काफी  चुनौतीपूर्ण और उनके लिए बिल्कुल नया अनुभव रही है।


हाल ही में फिल्म के बारे में सई मांजरेकर ने बताया कि इस किरदार ने उन्हें एक्टिंग को एक अलग नज़रिए से समझने के लिए प्रेरित किया है। उस दौर के सामाजिक और सांस्कृतिक माहौल को समझने से लेकर अपनी बॉडी लैंग्वेज, बोलने का तरीका और हाव-भाव बदलने तक, उन्होंने इस किरदार के लिए काफी रिसर्च और मेहनत की है ताकि वह उस समय को सही तरीके से पर्दे पर दिखा सकें।


अपने अनुभव को लेकर सई ने कहा, “यह प्रोजेक्ट मेरे लिए अब तक की सबसे चुनौतीपूर्ण और रोमांचक यात्राओं में से एक रहा है। खासकर प्री-इंडिपेंडेंस दौर पर आधारित पीरियड ड्रामा के लिए सिर्फ डायलॉग याद करना और सेट पर पहुंच जाना काफी नहीं होता। इसमें बहुत तैयारी करनी पड़ती है - उस समय के बारे में पढ़ना, रिसर्च करना, यह समझना कि लोग कैसे रहते थे, कैसे बात करते थे, कैसे खुद को प्रस्तुत करते थे और अपनी भावनाएं कैसे व्यक्त करते थे। उस दौर में हर चीज़ एक अलग अनुशासन और सादगी से जुड़ी होती थी, जो आज की दुनिया से काफी अलग है।”


सई ने कहा, “मुझे सबसे ज़्यादा इस प्रक्रिया की बारीकियां आकर्षित करती हैं। आपकी बॉडी लैंग्वेज, बैठने-उठने का तरीका, कमरे में प्रवेश करने का अंदाज़ या बिना कुछ कहे प्रतिक्रिया देना - कुछ भी आधुनिक नहीं लगना चाहिए। इसके लिए आपको अपनी कई आदतों को छोड़कर एक नई शारीरिक और भावनात्मक शैली अपनानी पड़ती है। यह मुश्किल ज़रूर है, लेकिन यही इसे खास बनाता है। एक अभिनेता के तौर पर मैं खुद को खुशकिस्मत मानती हूं कि मुझे ऐसी फिल्म का हिस्सा बनने का मौका मिला, जो मुझे एक अलग दौर को समझने और खुद को बेहतर बनाने का मौका दे रही है।”
 
 


Content Writer

suman prajapati

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News