सलमान खान की आवाज ने ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ में डाला खास रंग, साजिद खान ने बताया मज़ेदार किस्सा

Thursday, Nov 05, 2026-03:02 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल।  सलमान खान एक बार फिर अपने फैंस के लिए खास सरप्राइज लेकर आए हैं। हाल ही में रिलीज हुए गाने ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ में सुपरस्टार ने अपनी आवाज दी है। इस ट्रैक में सलमान के साथ चित्रांगदा सिंह नजर आ रही हैं। दोनों की फ्रेश केमिस्ट्री, चित्रांगदा का ग्लैमरस अंदाज और सलमान की दमदार आवाज गाने को खास बना रही है।

सलमान खान जब भी कुछ नया करते हैं, तो फैंस के बीच चर्चा शुरू हो जाती है। इस बार उन्होंने सिंगिंग के जरिए लोगों का ध्यान खींचा है। दिलचस्प बात यह है कि इस प्रमोशनल ट्रैक को तैयार करने की कहानी भी काफी मजेदार है। म्यूजिक कंपोजर साजिद अली खान ने बताया कि यह गाना आखिरी समय में तैयार हुआ और सलमान खान ने अचानक इसे रिकॉर्ड करने का फैसला किया।

साजिद अली खान ने सलमान के साथ स्टूडियो में हुई रिकॉर्डिंग का अनुभव साझा करते हुए बताया, “एक हफ्ते पहले सलमान भाई ने मुझे फोन करके कहा कि चलो, इसे रिकॉर्ड करते हैं। मेरी बस एक शर्त थी। मैंने उनसे कहा, ‘जब आप सुबह उठें, तो कुछ भी खाना-पीना मत। मुझे फोन करना, मैं जल्दी से स्टूडियो आ जाऊंगा और हम वहीं इसे रिकॉर्ड कर लेंगे।’ मुझे उनकी आवाज में जैज सिंगर्स जैसी भारी और थोड़ी खुरदरी आवाज चाहिए थी। स्टूडियो में हमने कुछ जैज गाने सुने, जिसके बाद वह भी उसी मूड में आ गए। उन्हें इसे रिकॉर्ड करने में ज्यादा समय नहीं लगा, क्योंकि उन्हें यह गाना पहले से ही याद था।”

साजिद के मुताबिक, सलमान खान का यह अचानक आया फोन एक यादगार म्यूजिकल अनुभव में बदल गया। शुरुआत में सलमान चाहते थे कि फिल्म के गंभीर और इंटेंस माहौल को ध्यान में रखते हुए गाने के बोल में कुछ बदलाव किए जाएं। हालांकि, बाद में उन्होंने अपनी सहज प्रतिक्रिया पर भरोसा करते हुए इसे रिकॉर्ड करने का फैसला किया। साजिद की सलाह मानकर सलमान सुबह स्टूडियो पहुंचे और अपनी आवाज के प्राकृतिक भारीपन को बनाए रखते हुए गाने को रिकॉर्ड किया।

‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ को साजिद खान ने कंपोज करने के साथ इसके बोल भी लिखे हैं। वहीं, गाने की कोरियोग्राफी सीजर गोंजाल्विस ने की है। सलमान की आवाज, आकर्षक बीट्स और शानदार विजुअल प्रेजेंटेशन के साथ यह ट्रैक फिल्म में ग्लैमर और मनोरंजन का नया रंग जोड़ता नजर आ रहा है।

यह गाना अब सभी प्रमुख म्यूजिक प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो चुका है। सलमान खान का सिंगिंग अंदाज और चित्रांगदा सिंह के साथ उनकी नई जोड़ी दर्शकों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।


Content Editor

Jyotsna Rawat

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News