ईद पर सलमान ने फैंस को दिया सरप्राइज, फैमिली संग पिता सलीम खान को बालकनी पर लेकर आए ''भाईजान''
Sunday, Mar 22, 2026-09:55 AM (IST)
मुंबई. 21 मार्च को देश भर में धूमधाम से ईद का त्योहार मनाया गया। वहीं, सलमान खान के फैंस के लिए इस बार ईद काफी खास रही। हर बार की तरह सैंकड़ों फैंस भाईजान से मिलने उनके घर पहुंचे और इस दौरान एक्टर ने अपने प्रशंसकों को खास सरप्राइज देकर उनका दिल जीत लिया। दरअसल, सलमान खान अपने फैंस से मिलने अपने पिता सलीम खान संग बालकनी पर आए, जो हाल ही अस्पताल से ठीक होकर घर लौटे हैं। ऐसे में सलमान खान के फैंस के लिए ईद बेहद खास हो गई। सलमान खान ने फैंस को ईद की बधाई देते की जो वीडियो शेयर किया है, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

सलमान खान ने ईद के मौके पर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें देखा जा सकता है कि वह फैंस से मिलने अपनी पूरी फैमिली संग घर की बालकनी पर आए। यह पल फैंस के लिए बेहद खास हो गया, क्योंकि इस दौरान सबको सलमान खान के पिता सलीम खान का दीदार भी हुआ, जिन्हें लेकर सब काफी चिंतित थे। इस दौरान सलीम खान व्हील चेयर पर बैठे नजर आए। सलमान और सलीम खान के अलावा इस दौरान एक्टर की मां सलमा खान, उनके भाई सोहेल खान, अरबाज खान और उनकी बहन अर्पिता खान अपने बच्चों के साथ नजर आईं। सभी ने हाथ हिलाकर घर मिलने आए फैंस का शुक्रिया अदा किया।
वीडियो शेयर कर सलमान खान ने कैप्शन में लिखा, 'ईद मुबारक, आपके आशीर्वाद के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। पापा अब घर वापस आ गए हैं, शुक्रिया।'
सलमान खान के इस वीडियो को फैंस खूब लाइक कर रहे हैं और कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं।
बता दें, सलमान खान के पिता की तबीयत पिछले महीने फरवरी में काफी नाजुक हो गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में आईसीयू में भर्ती किया गया था। करीब एक महीने तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद सलीम खान को घर के लिए छुट्टी मिली थी। अब उनकी तबीयत बिल्कुल ठीक है और उनके दीदार कर फैंस खुश हो गए।
वहीं, सलमान खान के काम की बात करें तो वह जल्द ही फिल्म मातृभूमि में नजर आएंगे। उनकी इस फिल्म का नाम पहले 'बैटल ऑफ गलवान' था, लेकिन अब मेकर्स ने इसे बदलकर मातृभूमि कर दिया है, जिसे लेकर फैंस काफी एक्साइटेड हैं।
