दुखद: 'बिग बॉस' फेम शेफाली जरीवाला का निधन, 'कांटा लगा गर्ल' को सीने में उठा था तेज दर्द
Saturday, Jun 28, 2025-09:25 AM (IST)

मुंबई: टीवी और सिनेमा की दुनिया से एक दिल तोड़ देने वाली खबर आई है। 'बिग बॉस 13' फेम एक्ट्रेस और 'कांटा लगा' म्यूजिक वीडियो वाली शेफाली जरीवाला का निधन हो गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार, 27 जून को 42 साल की उम्र में कार्डियक अरेस्ट के कारण शेफाली की मौत हो गई है। उन्हें मुंबई में जिस अस्पताल में भर्ती किया गया था वहां के रिसेप्शनिस्ट ने इस दुखद खबर की पुष्टि की है। हालांकि, परिवार की ओर से अभी कोई बयान नहीं आया है।
खबरों की मानें तो सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद शेफाली जरीवाला को उनके पति पराग त्यागी और तीन अन्य लोग अस्पताल लेकर पहुंचे थे लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान चली गई।
शेफाली की मौत की खबर मनोरंजन जगत के लिए झकझोर देने वाली है। सोशल मीडिया पर फैंस और उनके चाहने वाले उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। साल 2002 में शेफाली जरीवाला सबसे पहले तब चर्चा में आई थीं, जब उनका म्यूजिक वीडियो 'डीजे डॉल- कांटा लगा रीमिक्स' रिलीज हुआ था।
शेफाली जरीवाला ने दो शादियां की थीं। उनकी पहली शादी साल 2004 में मीत ब्रदर्स के म्यूजिशियन हरमीत सिंह से हुई थी लेकिन 2009 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद 2015 में शेफाली ने एक्टर पराग त्यागी से शादी की।इस कपल ने कई बार कोशिश की, लेकिन पैरेंट्स नहीं बन पाए।