बैन लगाना चाहिए..अश्लील वेबसाइट्स पर राज कुंद्रा ने जाहिर की चिंता, बच्चों को सोशल मीडिया से दूर रखने पर दिया जोर
Wednesday, Mar 18, 2026-12:46 PM (IST)
मुंबई. कभी एडल्ट कंटेंट बनाने के आरोप में फंस चुके एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति और एक्टर राज कुंद्रा ने हाल ही में इस मुद्दे पर खुलकर बात की। उन्होंने ऑनलाइन अश्लील वेबसाइट्स पर बैन लगाने और इसे लेकर सख्त नियम बनाने की मांग की।

दरअसल, कुछ दिनों पहले क्रिकेटर हरभजन सिंह ने सांसद में ऑनलाइन अश्लील वेबसाइट्स पर बैन लगाने की मांग की थी। वहीं, अब इस मुद्दे पर बात करते हुए शिल्पा शेट्टी के पति ने कहा- ‘मैं एक ऐसे मुद्दे पर बात करना चाहता हूं जिस पर पूरे देश का तुरंत ध्यान जाना चाहिए। पिछले चार साल से मुझे ट्रोलिंग, नफरत और मीडिया ट्रायल का लगातार सामना करना पड़ा है। मेरी एक ऐसी छवि बना दी गई है जो असलियत से कोसों दूर है। लेकिन आज का मेरा यह बयान मेरे बारे में नहीं है, बल्कि यह हमारे समाज की भलाई के लिए है।’

राज कुंद्रा ने कहा- ‘आज इंटरनेट पर मुफ्त, बिना किसी रोक-टोक वाला कंटेंट भरा पड़ा है। यह इंसान को गिराने वाला, लत लगाने वाला और आसानी से उपलब्ध भी है। यह सिर्फ एक नैतिक चिंता नहीं है बल्कि यह एक सामाजिक चिंता है।’
अश्लील कंटेंट पर रोक लगाने को लेकर राज कुंद्रा ने कहा- ‘भारत को सख्त नियम बनाने पर विचार करना चाहिए, जिसमें अश्लील वेबसाइटों पर बैन लगाना भी शामिल हो। ठीक वैसे ही जैसे यूएई जैसे देशों में किया गया है। 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर रोक लगे, जिससे एक सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल माहौल बनाया जा सके।’
बता दें कि साल 2021 में राज कुंद्रा पर एक मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए अश्लील सामग्री के प्रसार का आरोप लगा था। इस मामले में जेल भी जाना पड़ा था। 63 दिनों तक उन्हें मुंबई की आर्थर रोड जेल की हवा खानी पड़ी थी। ऐसे में अब राज के अश्लील कंटेट पर रोक लगाने के बयान ने सभी को हैरान कर दिया है।
