‘धुरंधर 2’ पर साउथ में बवाल! प्रीमियर कैंसिल, रिलीज टलने पर ऑडियंस नाराज

Friday, Mar 20, 2026-10:26 AM (IST)

मुंबई. फिल्म ‘धुरंधर 2’ हिंदी बेल्ट में जहां शानदार कमाई कर रही है, वहीं साउथ इंडस्ट्री में इसे लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है। खासतौर पर तेलुगु दर्शकों के बीच फिल्म की रिलीज और प्रीमियर से जुड़े मामलों ने निराशा पैदा कर दी है।

पेड प्रीमियर अचानक हुआ रद्द
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 18 मार्च को तेलुगु भाषा में होने वाले फिल्म के पेड प्रीमियर शोज अचानक रद्द कर दिए गए। इस फैसले से फैंस को बड़ा झटका लगा, क्योंकि वे लंबे समय से फिल्म का इंतजार कर रहे थे।

19 मार्च को भी नहीं हो सकी रिलीज
स्थिति यहीं नहीं रुकी। 19 मार्च को भी फिल्म साउथ के कई सिनेमाघरों में रिलीज नहीं हो पाई। तेलुगु समेत अन्य भाषाओं में डब वर्जन देखने के लिए उत्सुक दर्शकों को अब भी इंतजार करना पड़ रहा है।

View this post on Instagram

A post shared by Ranveer Singh (@ranveersingh)

रिफंड को लेकर भी असमंजस
शोज रद्द होने के बाद टिकट रिफंड को लेकर भी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। इस वजह से दर्शकों में नाराजगी और बढ़ गई है। कई लोगों को यह समझ नहीं आ रहा कि उन्हें पैसे वापस कैसे मिलेंगे या आगे क्या विकल्प है।

मेकर्स की ओर से सीमित जानकारी
फिल्म के निर्देशक आदित्य धर ने 18 मार्च को बयान जारी करते हुए कहा था कि जिन शोज को रद्द किया गया है, उनके लिए दर्शक रिफंड ले सकते हैं या फिर हिंदी वर्जन देख सकते हैं। हालांकि, इस प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश सामने नहीं आए, जिससे भ्रम की स्थिति बनी हुई है।

डिलीवरी और पोस्ट-प्रोडक्शन बनी वजह
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म के अलग-अलग वर्जन समय पर तैयार नहीं हो पाए। सिनेमाघरों में हिंदी वर्जन भी शो शुरू होने से कुछ समय पहले ही पहुंचाया गया, जबकि सबटाइटल्स की कमी की भी खबरें सामने आईं। वहीं, तेलुगु और तमिल वर्जन की डबिंग समय पर पूरी नहीं हो सकी, जिसके चलते कई जगह प्रीमियर और रिलीज टालनी पड़ी।

मेकर्स को हुआ नुकसान
मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि इस पूरी स्थिति के चलते फिल्म के निर्माताओं को करीब 2 करोड़ रुपये तक का नुकसान हो सकता है।

कुल मिलाकर, ‘धुरंधर 2’ जहां एक ओर बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है, वहीं दूसरी ओर रिलीज से जुड़ी तकनीकी और प्रबंधन की समस्याओं ने साउथ के दर्शकों को निराश कर दिया है। 
 


Content Writer

suman prajapati

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News