पंजाब में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आईं फेमस सिंगर सुनंदा शर्मा, 250 परिवारों को बांटी राहत किटें
Tuesday, Sep 02, 2025-05:02 PM (IST)

मुंंबई.पंजाब इस वक्त बाढ़ के संकट से जूझ रहा है। लगातार बारिश और नदियों के उफान ने वहां भारी तबाही मचाई है और जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। ऐसे में पंजाबियों के मुसीबत के समय में मशहूर पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा ने दरियादिली दिखाई है। सिंगर ने हाल ही में पंजाब में 250 परिवारों को व्यक्तिगत रूप से राहत किट दान की हैं।
सुनंदा शर्मा द्वारा प्रदान की गई राहत किट में सोलर लाइट, सेनेटरी पैड और तिरपाल शामिल थे। कई लोगों ने बताया कि कैसे सोलर लाइट अंधेरी रातों में राहत पहुंचाएगी और कैसे मासिक धर्म किट महिलाओं को सम्मान के साथ अपनी देखभाल करने में मदद करेगी। साधारण तिरपालों ने भी परिवारों को सुरक्षा और आश्रय का एहसास दिलाया।
इतना ही नहीं, सुनंदा राहत सामग्री लोगों को प्रदान करने के साथ ही ग्राउंड लेवल पर भी पहुंची और पीड़ितों लोगों का हाल जाना। वो लोगों का हाल जान खुद भी काफी भावुक हो गई और उनका कहना है कि वो हर संभव तरीके से बाढ़ पीड़ितों की मदद करेंगी।