दुश्मनी भूल तापसी ने कंगना की तरफ बढ़ाया दोस्ती का हाथ, कहा-मेरे मन में उनके लिए कोई बुरी फीलिंग नहीं
Sunday, Feb 22, 2026-12:05 PM (IST)
मुंबई. एक्ट्रेस कंगना रनौत और तापसी पन्नू के बीच 36 का आंकड़ा है। सोशल मीडिया पर कई बार दोनों एक्ट्रेसेस को कोल्ड वार करते देखा गया है। वहीं, अब हाल ही में तापसी ने कंगना के साथ अपने लंबे समय से चले आ रहे विवाद पर प्रतिक्रिया दी है और एक्ट्रेस की तरफ दोस्ती का हाथ बढ़ाया है। उनका कहना है कि कंगना को लेकर उनके मन में कोई मनमुटाव नहीं है। अगर कभी मुलाकात हुई तो वो उनसे बात करेंगी।
दरअसल, 2019 में, कंगना की बहन रंगोली चंदेल ने तापसी पन्नू को 'सस्ती कॉपी' कहा था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों के बीच जुबानी जंग देखने को मिली थी। अब हाल ही में तापसी पन्नू ने शुभांकर मिश्रा के साथ बातचीत में कहा कि कंगना के लिए उनके मन में कोई बुरी फीलिंग नहीं है। वो उनके साथ दोस्ती को तैयार हैं और अगर कभी आपस में टकराईं तो वो उनसे सम्मान के साथ मिलेंगी।

तापसी ने कहा, 'मुझे याद नहीं कि मैंने कभी लड़ाई की हो। लड़ाई तब होती है जब दो लोग आपस में भिड़ते हैं। मैं कभी नहीं भिड़ी। आप ही बताइए कि क्या मैंने कभी उनके खिलाफ एक भी शब्द कहा है? उनकी बहन ने मुझे 'सस्ती कॉपी' कहा। मैं उतना पैसा नहीं कमाती, इसलिए मैं सस्ती हूं। अगर वो इतनी शानदार एक्ट्रेस हैं, तो मुझे उनकी कॉपी कहे जाने से कोई परेशानी नहीं है। आप मेरा कोई भी बयान निकाल लीजिए। मैंने उनके खिलाफ कुछ नहीं कहा है।'

जब तापसी से पूछा गया कि क्या कंगना और उनकी लड़ाई से स्टार किड्स को फायदा हुआ क्योंकि दोनों आउटसाइडर्स हैं। तो तापसी बोलीं, 'मुझे उनके बारे में तो नहीं पता, लेकिन किसी न किसी तरह से किसी न किसी को तो फायदा हुआ ही होगा। शायद कुछ लोग ऐसे भी रहे होंगे जो नहीं चाहते थे कि वो साथ काम करें या एक साथ आएं।
उन्होंने कहा- 'क्योंकि उन्हें ये आशंका रही होगी कि अगर हम साथ आते, तो कुछ बहुत ही कमाल का हो सकता था।'
आखिरी में तापसी ने कहा कि मैंने हमेशा कहा है कि अगर मैं कभी उन्हें आसपास देखूंगी, तो मैं उनसे जरूर मिलूंगी। वो मेरी सीनियर हैं। मैं उनके पास जाकर हैलो क्यों नहीं करूंगी? उनका रिएक्शन क्या होगा, इसकी मैं गारंटी नहीं दे सकती। मैं केवल अपने व्यवहार की गारंटी दे सकती हूं। सच कहूं तो, मेरे मन में उनके खिलाफ कुछ नहीं है।'
